अखिलेश का बड़ा बयान, बोले- सपा के वोट से जीते लोग भाजपा के वोट से कैसे जीतेंगे

HIGHLIGHTS
- अखिलेश यादव ने राज्यसभा और एमएलसी चुनाव को लेकर बयान दिया।
- उन्होंने सपा से अलग हुए विधायकों पर भी टिप्पणी की।
- अखिलेश ने सपा के वोट से जीतकर गए विधायकों को लेकर सवाल उठाया।
लखनऊ। सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा को हराने के लिए जो भी लोग साथ आना चाहते हैं, उनका स्वागत है। वह राज्यसभा और एमएलसी चुनाव को लेकर भाजपा के कई बड़े नेताओं और विधायकों के सपा के संपर्क में होने से जुड़े सवाल का जवाब दे रहे थे।
अखिलेश यादव ने सपा से अलग होकर गए विधायकों की ओर इशारा करते हुए कहा कि जो लोग सपा के वोट से जीतकर गए हैं, वे भाजपा के वोट से कैसे जीतेंगे। उन्होंने सवाल किया कि क्या भाजपा में उनका टिकट पक्का हो गया है? उन्होंने इशारों में कहा कि इन चुनावों के जरिए वे अपनी गलतियों को धो सकते हैं।
नाथवानी को राज्यसभा भेजने पर बोले अखिलेश
बृहस्पतिवार को सपा मुख्यालय में धनराज परिमल नाथवानी को राज्यसभा भेजे जाने को लेकर अखिलेश यादव ने कहा कि कॉर्पोरेट वर्ल्ड में भी सपा की धमक पहुंचेगी। उन्होंने कहा कि विकास के लिए सरकारी निवेश के साथ कॉर्पोरेट निवेश भी जरूरी है।
अखिलेश यादव ने कहा कि नदियां साफ नहीं हुईं, बल्कि बजट का पैसा साफ हो गया। उन्होंने दावा किया कि गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे पर 45 किलोमीटर के हिस्से में 74 गड्ढे हो गए हैं। उनके मुताबिक, 91 किलोमीटर का एक्सप्रेसवे सात हजार करोड़ रुपये में बनाया गया है और इसमें बजट की लूट हुई है।
बिजली संकट के मुद्दे पर अखिलेश यादव ने कहा कि जब बिजली नहीं बनाई गई है तो मुख्यमंत्री और उनके मंत्री जहां भी जाएंगे, उन्हें जनता के सवालों का जवाब सुनना ही पड़ेगा।
चुनाव आयोग को लेकर लगाए आरोप
एक सवाल के जवाब में अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा को बड़े-बड़े कार्यालय बनाने की जरूरत ही क्या थी, चुनाव आयोग में ही एक फ्लोर ले लेना चाहिए था। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में हुए सभी उपचुनावों रामपुर, मीरापुर, कुंदरकी, बीकापुर और कटेहरी में भाजपा ने चुनाव आयोग से मिलकर बेईमानी और धांधली की।
अखिलेश यादव ने कहा कि पूरा देश भाजपा की इमरजेंसी के दौर से गुजर रहा है। उन्होंने कहा कि जिस काल में पीडीए पर अत्याचार होगा, वह सब आपातकाल है। उनके मुताबिक, जिस तरह आपातकाल के समय सभी ने मिलकर लड़ाई लड़ी थी, उसी तरह एक बार फिर एकजुट होकर लड़ेंगे।
उन्होंने आरोप लगाया कि भाईचारे और सौहार्द को खत्म किया जा रहा है और पुलिस भाजपा की कार्यकर्ता बनकर काम कर रही है। बृजेश पाठक को लेकर अखिलेश यादव ने कहा कि डिप्टी सीएम को ई-रिक्शा ले लेना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि उन्होंने अस्पतालों को बीमार कर दिया है।
लोकतंत्र सेनानियों की सम्मान राशि 51 हजार करने का ऐलान
अखिलेश यादव ने प्रदेश मुख्यालय में आयोजित लोकतंत्र रक्षक सेनानी सम्मान समारोह में कहा कि प्रदेश में सपा की सरकार बनने पर पहली कैबिनेट बैठक में लोकतंत्र सेनानियों की सम्मान राशि 20 हजार रुपये से बढ़ाकर 51 हजार रुपये की जाएगी।
उन्होंने कहा कि दवा, इलाज और सरकारी अस्पतालों में विशेष सुविधा उपलब्ध कराकर उनका पूरा इलाज मुफ्त कराया जाएगा। इसके अलावा उन्हें स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के समान सम्मान, बस और ट्रेन में मुफ्त यात्रा सहित अन्य सुझावों को चुनाव घोषणा पत्र में शामिल किया जाएगा।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.
























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.