मुंबई पुलिस की AI फॉरेंसिक वैन ने पकड़े 12 ड्रग्स लेने वाले, कॉन्सर्ट में 55 लोगों की हुई जांच

HIGHLIGHTS
- मुंबई पुलिस ने वर्ली रेसकोर्स में लाइव म्यूजिक कॉन्सर्ट के दौरान पहली बार AI फॉरेंसिक वैन तैनात की।
- मोबाइल यूनिट के जरिए 55 लोगों के ओरल-फ्लूइड सैंपल की जांच की गई।
- स्क्रीनिंग में 12 लोगों के ड्रग्स सेवन की पुष्टि हुई।
मुंबई। म्यूजिक कॉन्सर्ट और बड़े सार्वजनिक कार्यक्रमों में नशे के बढ़ते इस्तेमाल को रोकने के लिए मुंबई पुलिस ने हाई-टेक तकनीक का सहारा लिया है। पुलिस के एंटी-नारकोटिक्स सेल (ANC) ने रविवार को वर्ली रेसकोर्स में हुए लाइव म्यूजिक कॉन्सर्ट में पहली बार 'AI-आधारित फॉरेंसिक वैन' तैनात की।
इस मोबाइल यूनिट की मदद से संदिग्ध लोगों के मुंह की लार (ओरल-फ्लूइड) के नमूनों की मौके पर ही जांच की गई। कुल 55 लोगों की स्क्रीनिंग की गई, जिनमें से 12 लोगों में ड्रग्स के सेवन की पुष्टि हुई। पुलिस ने सभी 12 लोगों को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए ताड़देव पुलिस के हवाले कर दिया।
पुलिस के मुताबिक, ड्रग्स के सेवन में पॉजिटिव पाए गए लोगों में 11 पुरुष और एक महिला शामिल हैं। इनमें से 11 लोग कैनबिस (गांजा) के इस्तेमाल में पॉजिटिव मिले, जबकि महिला की जांच में कोकीन के सेवन की पुष्टि हुई।
कैसे काम करती है AI फॉरेंसिक वैन?
यह मोबाइल फॉरेंसिक यूनिट मुंह की लार के नमूने के जरिए लोगों की ड्रग स्क्रीनिंग करने और संदिग्ध नशीले पदार्थों की शुरुआती जांच करने में सक्षम है। इसकी मदद से पुलिस किसी घटना के बाद पारंपरिक जांच प्रक्रिया पर पूरी तरह निर्भर रहने के बजाय ओरल-फ्लूइड स्क्रीनिंग किट और एनालाइजर के माध्यम से संदिग्धों की जांच कर सकती है।
इन वैन में 'रमन स्पेक्ट्रोस्कोपी' तकनीक का इस्तेमाल कर संदिग्ध नशीले पदार्थों की शुरुआती रासायनिक पहचान भी की जा सकती है। हालांकि, स्क्रीनिंग में पॉजिटिव आए मामलों की पुष्टि के लिए अधिकृत लैब से जांच कराना जरूरी है।
सीएम देवेंद्र फडणवीस ने किया वैन का उद्घाटन
शनिवार को मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने इस फॉरेंसिक वैन का उद्घाटन किया था। इसे भारत में अपनी तरह की पहली पहल बताया जा रहा है।
संयुक्त पुलिस आयुक्त (अपराध) अनिल कुंभारे ने कहा, 'कॉन्सर्ट में मोबाइल टेस्टिंग यूनिट की तैनाती सक्रिय पुलिसिंग की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इससे मौके पर ही ड्रग्स के सेवन का पता लगाने में मदद मिलेगी।
इससे नशे की प्रवृत्ति पर रोक लगाने और बड़े सार्वजनिक आयोजनों में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने में मदद मिलेगी। हम जल्द ही अन्य सार्वजनिक कार्यक्रमों और कॉन्सर्ट के बाहर भी ऐसी और वैन तैनात करने की योजना बना रहे हैं।'
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.