नोएडा में फर्जी कॉल सेंटर का खुलासा, 164 विदेशी कराए गए मुक्त

HIGHLIGHTS
- दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने अंतरराष्ट्रीय साइबर ठगी, मानव तस्करी और साइबर स्लेवरी के नेटवर्क का खुलासा किया।
- नोएडा के सेक्टर-136 स्थित फर्जी कॉल सेंटर से 164 विदेशी नागरिकों को मुक्त कराया गया।
- मुक्त कराए गए लोगों में 92 इंडोनेशियाई और 72 मलयेशियाई नागरिक शामिल हैं।
- आरोपियों ने अच्छी नौकरी और ज्यादा वेतन का लालच देकर विदेशी नागरिकों को भारत बुलाया था।
नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने अंतरराष्ट्रीय साइबर ठगी, मानव तस्करी और साइबर स्लेवरी से जुड़े एक बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। इंटर स्टेट सेल की टीम ने नोएडा के सेक्टर-136 स्थित एक फर्जी कॉल सेंटर पर छापा मारकर 164 विदेशी नागरिकों को मुक्त कराया। इनमें इंडोनेशिया के 92 और मलयेशिया के 72 नागरिक शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, इन लोगों को बंधक बनाकर फर्जी निवेश और ट्रेडिंग प्लेटफॉर्म के माध्यम से लोगों से ठगी कराई जा रही थी। कार्रवाई के दौरान क्राइम ब्रांच ने मलयेशियाई नागरिक तन गुआन वेई को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने विदेशी नागरिकों को भारत में अच्छी नौकरी और ऊंचे वेतन का झांसा देकर बुलाया था। भारत पहुंचने के बाद उनके पासपोर्ट जब्त कर लिए गए और उन्हें जबरन बंधक बनाकर साइबर ठगी के काम में लगा दिया गया। मुक्त कराए गए विदेशी नागरिकों की उम्र 19 से 24 साल के बीच बताई गई है।
संयुक्त पुलिस आयुक्त (क्राइम) सुरेंद्र कुमार ने बताया कि छापेमारी के दौरान पुलिस ने 355 मोबाइल फोन, 168 डेस्कटॉप, 26 लैपटॉप, 53 सिम कार्ड और 174 पासपोर्ट बरामद किए हैं। बरामद मोबाइल फोन में 335 पुराने और 20 नए सीलबंद फोन हैं। वहीं, 53 सिम कार्ड में 31 विदेशी और 22 भारतीय सिम कार्ड शामिल हैं। जांच में जेंटट्रिक्स और क्वांटवोरो जैसे फर्जी निवेश प्लेटफॉर्म के साथ एपीके आधारित एप्लिकेशन के इस्तेमाल की जानकारी भी सामने आई है।
पुलिस के अनुसार, इस पूरे नेटवर्क में भारतीय हैंडलर सुनील कुमार और सुशील कुमार की भूमिका भी सामने आई है। आशंका है कि उनके बैंक खातों का इस्तेमाल नेटवर्क के किराये और दूसरे खर्चों के भुगतान के लिए किया जा रहा था। मामले में क्राइम ब्रांच थाने में बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस अब नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों, वित्तीय लेन-देन और ठगी के शिकार लोगों की पहचान करने में जुटी है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.

























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.