आजम खां का छलका दर्द, बोले- अखिलेश भी जेल आएं तो उन्हें वहां की तकलीफ का पता चले

HIGHLIGHTS
- सपा नेता आजम खां ने लखनऊ में पार्टी के घोषणापत्र कार्यक्रम से पहले संबोधन दिया।
- आजम ने कहा कि उन्होंने एक ही खानदान के लिए अपनी आधी जिंदगी गुजार दी।
- उन्होंने मुलायम सिंह यादव के साथ आधी सदी बिताने की बात कही।
लखनऊ। विधानसभा चुनाव के लिए समाजवादी पार्टी का घोषणापत्र जारी होने के बीच पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खां के बयानों ने राजनीतिक गलियारों में नई चर्चा शुरू कर दी है। आजम ने कहा कि वह उन चंद बेवकूफ लोगों में शामिल हैं, जिन्होंने एक ही खानदान के लिए अपनी आधी जिंदगी लगा दी। उन्होंने कहा कि जिनके लिए सब कुछ किया, उनके साथ आधी सदी बिताई और अपनी आने वाली पीढ़ी को भी उनके हवाले कर दिया।
जेल में बिताए समय का दर्द बयां करते हुए आजम ने बताया कि वह अपने बेटे अब्दुल्ला आजम से अक्सर कहते थे कि उनका दिल चाहता है कि अखिलेश यादव भी जेल आएं, ताकि उन्हें पता चल सके कि जेल में दिन और रात किस तरह गुजरते हैं।
गुरुवार को होटल सेंट्रल में सपा का घोषणापत्र जारी होने से पहले अपने संबोधन में आजम खां ने जेल में बिताए वक्त और वहां झेली गई तकलीफों का जिक्र किया। उन्होंने अखिलेश यादव के प्रति आभार भी जताया और कहा कि उनसे कोई गलती हो जाए तो वह माफ कर देंगे। आजम ने कहा कि साढ़े पांच साल जेल की कोठरी में रहने का उनके दिल और दिमाग पर गहरा असर पड़ा है।
मुलायम सिंह के साथ गुजारी आधी सदी
आजम खां ने कहा कि उन पर इतने जुल्म हुए कि कोई कमजोर इंसान होता तो उसकी मौत हो जाती। उन्होंने कहा कि वह बड़े सख्त जान थे, इसलिए आज सबके सामने जिंदा खड़े हैं। आधी सदी मुलायम सिंह यादव के साथ गुजारी है और अब अखिलेश यादव के साथ हैं। उन्होंने कहा कि वह मरेंगे तो कुछ करके मरेंगे।
सपा के घोषणापत्र को लेकर आजम ने कहा कि यह केवल चुनावी वादों का दस्तावेज नहीं है कि इसमें जो लिख दिया गया, सिर्फ वही होगा। उन्होंने कहा कि जो बातें घोषणापत्र में नहीं लिखी गई हैं, वे भी होंगी।
ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद के गठबंधन पर बिना नाम लिए निशाना साधते हुए आजम ने कहा कि कुछ लोग न तो खुद कुछ बन सकते हैं और न ही किसी दूसरे को बना सकते हैं, लेकिन उनमें किसी सरकार के गठन को प्रभावित करने की क्षमता होती है।
सपा प्रमुख अखिलेश यादव को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि आज जो लोग उन्हें परेशान कर रहे हैं, उनका राजनीतिक कद भी कहीं न कहीं उन्होंने ही बढ़ाया है। आजम ने कहा कि उन्होंने ऐसे लोगों की दवा की है। उन्होंने खुद को वोट कटवा नहीं, बल्कि वोट जुड़वा बताया।
अखिलेश यादव के बगल में बैठे आजम खां
कार्यक्रम के मंच पर अखिलेश यादव के दाईं ओर आजम खां और बाईं ओर फैजाबाद (अयोध्या) से सांसद अवधेश प्रसाद को बैठाया गया। इसे भी पीडीए का संदेश देने की कोशिश के तौर पर देखा गया।
मंच पर मैनपुरी की सांसद डिंपल यादव, पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव, सांसद इकरा हसन समेत कई अन्य नेता भी मौजूद रहे।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.