क्लास खत्म कर घर लौट रही थी छात्रा, बिजली गुल होने से पूरी रात लिफ्ट में फंसी रही

HIGHLIGHTS
- पुणे के लोनी कालभोर स्थित MIT कॉलेज में 19 वर्षीय छात्रा लिफ्ट में फंस गई।
- बुधवार शाम करीब 6 से 7 बजे के बीच बिजली जाने से लिफ्ट बंद हो गई थी।
- छात्रा कॉलेज से निकलने वाली आखिरी छात्रा थी और पांचवीं मंजिल से नीचे आ रही थी।
पुणे। महाराष्ट्र के पुणे स्थित एक इंजीनियरिंग कॉलेज में लिफ्ट से जुड़ी चौंकाने वाली घटना सामने आई है। यहां 19 वर्षीय छात्रा पूरी रात लिफ्ट के अंदर फंसी रही। छात्रा के घर नहीं पहुंचने पर परिजनों ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद कॉलेज कैंपस और आसपास के क्षेत्रों में उसकी तलाश शुरू की गई।
यह घटना बुधवार शाम करीब 6 से 7 बजे के बीच की बताई जा रही है। लोनी कालभोर स्थित MIT कॉलेज की छात्रा क्लास खत्म होने के बाद घर लौट रही थी, तभी वह लिफ्ट में फंस गई।
पूरी रात लिफ्ट में कैद रही छात्रा
लोनी कालभोर के सीनियर पुलिस इंस्पेक्टर समाधान पवार ने पीटीआई को बताया कि छात्रा कॉलेज से निकलने वाली आखिरी छात्रा थी। वह पांचवीं मंजिल से नीचे आने के लिए लिफ्ट में सवार हुई थी। इसी दौरान बार-बार बिजली जाने के कारण लिफ्ट बीच में ही बंद हो गई।
उन्होंने बताया कि उस समय कॉलेज परिसर में कोई दूसरा छात्र मौजूद नहीं था। इस वजह से किसी को छात्रा के लिफ्ट में फंसे होने की जानकारी नहीं मिल सकी। जब छात्रा देर तक घर नहीं पहुंची तो उसके माता-पिता और बहन ने उसकी तलाश शुरू की। उसकी बहन भी इसी कॉलेज में पढ़ती है।
बुधवार रात करीब 9 बजे परिवार लोनी कालभोर पुलिस स्टेशन पहुंचा और छात्रा के लापता होने की सूचना दी। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत अपहरण का मामला दर्ज कर उसकी खोजबीन शुरू कर दी।
करीब 12 घंटे बाद पुलिस ने छात्रा को सुरक्षित निकाला
पुलिसकर्मियों ने गुरुवार सुबह करीब 5 बजे तक कॉलेज परिसर, आसपास की इमारतों और अन्य इलाकों में छात्रा की तलाश की। इसके बाद सुबह करीब 7 बजे कॉलेज की लिफ्ट से उसे सुरक्षित बाहर निकाला गया।
सीनियर पुलिस इंस्पेक्टर समाधान पवार ने बताया कि छात्रा कॉलेज की पांचवीं मंजिल पर लिफ्ट के अंदर फंसी हुई मिली थी। सुबह लगभग 7 बजे उसे सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। छात्रा के मिलने के बाद उसके माता-पिता ने पुलिस को बताया कि उन्हें इस मामले में कोई शिकायत नहीं है।
हालांकि, पुलिस ने घटना को गंभीरता से लेते हुए कॉलेज प्रबंधन को पत्र लिखा है। इसमें पूछा गया है कि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए क्या इंतजाम किए जा रहे हैं और लिफ्ट के संचालन में किन सुधारों की जरूरत है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.