उज्जैन के खड़े हनुमानजी की प्रतिमा में दरारें आने का दावा, प्लास्टर उखड़ने से भक्तों में चिंता

HIGHLIGHTS
- उज्जैन के छत्री चौक के पास स्थित खड़े हनुमानजी की प्रतिमा को लेकर विवाद बढ़ा।
- श्रद्धालुओं और मंदिर से जुड़े लोगों ने प्रतिमा में दरारें आने का दावा किया।
- प्रतिमा के पिछले हिस्से और पीछे की दीवार से प्लास्टर उखड़कर गिरने की बात कही गई।
उज्जैन। धार्मिक नगरी उज्जैन के छत्री चौक के पास स्थित प्रसिद्ध खड़े हनुमानजी की प्रतिमा एक बार फिर विवाद और चर्चा का विषय बन गई है। श्रद्धालुओं और मंदिर से जुड़े लोगों ने प्रतिमा में दरारें दिखाई देने और उसके पीछे का प्लास्टर उखड़ने का दावा किया है। इसको लेकर भक्तों में चिंता और नाराजगी देखी जा रही है।
खड़े हनुमान भक्त मंडल के सदस्यों के अनुसार, प्रतिमा के पिछले हिस्से और पीछे की दीवार से प्लास्टर उखड़कर गिर गया है। इसके अलावा प्रतिमा के बीच वाले हिस्से में भी दरारें नजर आ रही हैं। सदस्यों का दावा है कि आसपास होने वाले तेज ध्वनि, शोर-शराबे और कंपन की वजह से प्रतिमा को नुकसान पहुंचा है।
वहीं, बजरंग दल से जुड़े शालू यादव और पार्षद शिवेंद्र तिवारी ने आरोप लगाया कि पहले मंदिर का मूल ढांचा गिराया गया। इसके बाद प्रशासन की ओर से कई बार प्रतिमा की स्कैनिंग भी कराई गई, जिससे उसकी स्थिति प्रभावित हुई है। उनका कहना है कि इस मामले में प्रशासन से कई बार शिकायत की गई, लेकिन अब तक कोई ठोस ध्यान नहीं दिया गया। श्रद्धालुओं ने आशंका जताई है कि प्रशासन बार-बार प्रतिमा को उसके मूल स्थान से हटाने या किसी दूसरी जगह स्थापित करने का प्रयास कर रहा है।
टेंट में विराजमान हैं हनुमानजी, जांच रिपोर्ट का इंतजार
मंदिर का मुख्य ढांचा हटाए जाने के बाद प्राचीन प्रतिमा की सुरक्षा के लिए उसके ऊपर अस्थायी कैनोपी (टेंट) लगाई गई है। फिलहाल प्रतिमा इसी के नीचे विराजमान है। श्रद्धालु इसकी तुलना अयोध्या में राम मंदिर निर्माण से पहले की स्थिति से करते हुए प्रतिमा को उसके मूल स्थान पर ही सुरक्षित रखने की मांग कर रहे हैं।
मंदिर से जुड़े रूपेश ठाकुर के मुताबिक, मुख्य ढांचा हटाए जाने के तीन महीने बाद रविवार सुबह करीब 6 बजे प्रशासनिक टीम विशेष इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के साथ मंदिर पहुंची थी। टीम ने आसपास रखी सामग्री हटवाई और करीब आधे से पौने घंटे तक स्कैनिंग की। पुजारी की मौजूदगी में जांच की प्रक्रिया पूरी की गई।
इससे पहले 29 सितंबर को भी टीम के मंदिर पहुंचने की बात कही गई है, लेकिन पहले की जांच रिपोर्ट अब तक सार्वजनिक नहीं की गई है।
फिलहाल प्रतिमा को हुए नुकसान की वास्तविक वजह को लेकर स्थानीय प्रशासन या मंदिर के पुजारी की ओर से कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। नुकसान के पीछे तेज ध्वनि और कंपन या किसी अन्य तकनीकी कारण की आशंका जताई जा रही है। अब सभी की नजरें प्रशासनिक जांच के निष्कर्ष और प्रतिमा के संरक्षण के लिए उठाए जाने वाले कदमों पर टिकी हैं।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.































Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.