हाथरस में भीषण सड़क हादसा: लोडर ने टेंपो को मारी टक्कर, दंपती और युवा क्रिकेटर समेत चार की मौत

HIGHLIGHTS
- हाथरस में आगरा-अलीगढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर गुरुवार शाम भीषण सड़क हादसा हुआ।
- तेज रफ्तार लोडर ने सवारियों से भरे टेंपो को सामने से टक्कर मार दी।
- हादसे में दिल्ली के जहांगीरपुरी निवासी ओमकार और उनकी पत्नी विनीता की मौत हो गई।
हाथरस। आगरा-अलीगढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर गुरुवार को एक तेज रफ्तार लोडर ने सवारियों से भरे टेंपो को सामने से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि टेंपो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें बैठे यात्री सड़क पर जा गिरे। इस हादसे में दिल्ली के एक दंपती और युवा क्रिकेटर समेत चार लोगों की जान चली गई। वहीं, तीन लोग घायल हुए हैं, जिनमें मृतक दंपती के दो बच्चे भी शामिल हैं।
घायल बच्चों की हालत गंभीर बताई जा रही है। दोनों को अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। बताया गया कि परिवार अपने भतीजे की शादी में शामिल होने के लिए हाथरस आ रहा था। पुलिस ने लोडर चालक को पकड़ लिया है।
दिल्ली के जहांगीरपुरी निवासी 50 वर्षीय ओमकार गुरुवार शाम अपनी 35 वर्षीय पत्नी विनीता, 18 वर्षीय बेटी प्रियंका और 11 वर्षीय बेटे लक्ष्य के साथ अलीगढ़ पहुंचे थे। इसके बाद वे अलीगढ़ से हाथरस जाने के लिए टेंपो में सवार हुए। रास्ते में अन्य यात्री भी टेंपो में बैठते गए। टेंपो में सात से अधिक लोग सवार थे।
शाम करीब पांच बजे टेंपो आगरा-अलीगढ़ हाईवे पर गांव नगला भूरा के पास राधिका ढाबे के नजदीक पहुंचा था। इसी दौरान हाथरस की ओर से आ रहे तेज रफ्तार लोडर ने टेंपो में सामने से जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों ने टेंपो में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला। ओमकार की मौके पर ही मौत हो गई। टेंपो में सवार 15 वर्षीय अश्वनी कुशवाहा ने भी दम तोड़ दिया। अश्वनी क्रिकेटर था। हादसे में 65 वर्षीय चंद्रपाल की भी मौत हो गई।
गंभीर रूप से घायल ओमकार की पत्नी विनीता ने अलीगढ़ ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया। इस तरह हादसे में मृतकों की संख्या चार हो गई।
एसपी चिरंजीव नाथ सिन्हा ने बताया कि लोडर चालक को पकड़ लिया गया है। तहरीर मिलने के बाद मुकदमा दर्ज किया जाएगा।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.



















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.