एमी विर्क पर नहीं चली थी गोली, पिता ने किया दावा- निशाना कोई और था

HIGHLIGHTS
- एबॉट्सफोर्ड के रोजर्स में 5 सितंबर को एमी विर्क ने परफॉर्म किया था
- कॉन्सर्ट खत्म होने के बाद देर रात गोलीबारी की घटना हुई
- पुलिस के मुताबिक गहरे हरे रंग की एसयूवी से लगातार फायरिंग की गई
नई दिल्ली। ब्रिटिश कोलंबिया के एबॉट्सफोर्ड में एक कॉन्सर्ट से देर रात लौटते समय एमी विर्क के काफिले पर कनाडा में गोलीबारी की खबर सामने आने के बाद उनके फैंस चिंतित हो गए थे। अब इस मामले में एमी विर्क के पिता का बयान सामने आया है। उन्होंने स्पष्ट किया है कि गोली उनके बेटे को निशाना बनाकर नहीं चलाई गई थी, बल्कि किसी और को निशाना बनाया गया था।
एमी विर्क नहीं था गोलीबारी का निशाना
एनडीटीवी वर्ल्ड की रिपोर्ट्स के अनुसार, अभिनेता एमी विर्क के पिता कुलजीत सिंह ने सामने आई खबरों को खारिज किया है। उन्होंने बताया कि उनका परिवार पूरी तरह सुरक्षित है। साथ ही उन्होंने साफ किया कि उनके बेटे पर गोली नहीं चलाई गई थी। उनके मुताबिक, फायरिंग का निशाना शो के ऑर्गेनाइजर का काफिला था।
क्या है एमी विर्क के काफिले पर गोलीबारी का मामला?
एमी विर्क ने 5 सितंबर को एबॉट्सफोर्ड के रोजर्स में परफॉर्म किया था। रिपोर्ट्स के मुताबिक, कॉन्सर्ट खत्म होने के बाद जब वह देर रात लौट रहे थे, उसी दौरान गोलीबारी की घटना हुई।
एबॉट्सफोर्ड पुलिस ने एक्स पर एक पोस्ट में बताया, "दूसरी गाड़ी में सवार लोगों ने उन पर गोली चलाई। शुरूआती जानकारी में यह पता चला है कि एक गहरे हरे रंग की एसयूवी में मौजूद लोगों ने पीड़ित की गाड़ी पर लगातार फायरिंग की। हालांकि, इस फायरिंग में किसी के जख्मी होने की खबर सामने नहीं आई है।"
पुलिस ने अपनी पोस्ट में आगे बताया, "गोलीबारी के तुरंत बाद, AbbyPD के अधिकारियों को सनीसाइड प्लेस के 2400 ब्लॉक में आग लगने की सूचना मिली। जब ऑफिसर लोकेशन पर पहुंचे तो उन्होंने वहां पर एक एसयूवी में आग लगी देखी। AbbyPD की मेजर क्राइम यूनिट ने केस संभाला। वह इस जांच में जुटे हुए हैं कि इस आग और गाड़ी पर चली गोलीबारी के बीच कहीं कोई कनेक्शन तो नहीं है।"
मीडिया रिपोर्ट्स में विर्क के कार में होने का दावा
पुलिस अधिकारियों ने अभी तक यह पुष्टि नहीं की है कि जिस गाड़ी पर गोलीबारी हुई, वह किसकी थी। हालांकि, स्थानीय मीडिया की रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि गोली जिस कार पर चली, वह एमी विर्क के काफिले की थी। मीडिया रिपोर्ट्स में यह भी कहा गया कि जिस कार पर फायरिंग हुई वह बुलेटप्रूफ थी और उसमें प्रमोटर के साथ एमी विर्क भी मौजूद थे।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.

























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.