मुजफ्फरनगर में ASP-भीम आर्मी का प्रदर्शन, छात्र आंदोलन के समर्थन में सड़क पर उतरे कार्यकर्ता
By Hitesh — July 25, 2026

HIGHLIGHTS
- मुजफ्फरनगर में ASP-भीम आर्मी का प्रदर्शन।
- पेपर लीक मामले में शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग।
- कार्यकर्ताओं ने प्रशासन को सौंपा ज्ञापन।
Author: — Dainik Dehat
दिल्ली के जंतर-मंतर पर चल रहे छात्र आंदोलन के समर्थन में शनिवार को मुजफ्फरनगर में आजाद समाज पार्टी (ASP) और भीम आर्मी के कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन कर केंद्र सरकार के खिलाफ विरोध जताया। यह प्रदर्शन नगीना सांसद एवं आजाद समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद के आह्वान पर आयोजित किया गया।
दोपहर करीब एक बजे बड़ी संख्या में कार्यकर्ता तपती धूप के बीच सड़क पर उतरे और मार्च करते हुए कचहरी स्थित जिला कलेक्ट्रेट पहुंचे। वहां धरना-प्रदर्शन कर केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की गई। प्रदर्शन के दौरान केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग भी उठाई गई। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि पेपर लीक मामले की नैतिक जिम्मेदारी तय करते हुए मंत्री को अपने पद से हट जाना चाहिए।
प्रदर्शन को देखते हुए जिला प्रशासन ने सुरक्षा के मद्देनजर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया था। पूरे कार्यक्रम के दौरान पुलिस व्यवस्था बनाए रखने के लिए मुस्तैद रही।
प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि पेपर लीक मामले में शामिल सभी आरोपियों के खिलाफ देशद्रोह सहित कड़ी धाराओं में मुकदमा दर्ज किया जाए और उन्हें उम्रकैद या फांसी जैसी सख्त सजा दी जाए। इसके साथ ही दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर हुए कथित लाठीचार्ज की निष्पक्ष जांच कर संबंधित पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की भी मांग की गई।
भीम आर्मी के जिला अध्यक्ष रजत निठारिया ने कहा कि यह आंदोलन देशभर के युवाओं और छात्रों के साथ हुए कथित अन्याय के विरोध में किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि दिल्ली में प्रदर्शन कर रहे छात्रों और छात्राओं पर पुलिस ने बल प्रयोग किया, जिसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद के निर्देश पर देशभर के जिला मुख्यालयों पर इसी तरह के धरना-प्रदर्शन आयोजित किए जा रहे हैं।
प्रदर्शन समाप्त होने के बाद कार्यकर्ताओं ने अपनी मांगों से संबंधित ज्ञापन प्रशासन को सौंपा और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग दोहराई।
उधर, जिस समय मुजफ्फरनगर में यह धरना-प्रदर्शन चल रहा था, उसी दौरान केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.