मुजफ्फरनगर में तार के फंदे में फंसा तेंदुआ, वन विभाग की टीम ने सुरक्षित निकाला

HIGHLIGHTS
- मुजफ्फरनगर के भुवापुर खादर गांव के जंगल में लोहे के तार के फंदे में तेंदुआ फंस गया।
- तेंदुए की आवाज सुनकर खेतों में काम कर रहे किसानों ने वन विभाग को सूचना दी।
- मोरना वन रेंज के क्षेत्राधिकारी रविकांत चौधरी टीम के साथ मौके पर पहुंचे।
मुजफ्फरनगर। मोरना ब्लॉक के हस्तिनापुर वन्यजीव अभयारण्य क्षेत्र में भुवापुर खादर गांव के जंगल में लोहे के तार से बने फंदे में एक तेंदुआ फंस गया। सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कई घंटे की मशक्कत के बाद तेंदुए को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
तेंदुए की आवाज सुनकर आसपास के खेतों में काम कर रहे किसान घबरा गए। इसके बाद उन्होंने शुकतीर्थ स्थित वन विभाग के कार्यालय को घटना की जानकारी दी।
सूचना पर मोरना वन रेंज के क्षेत्राधिकारी रविकांत चौधरी विशेष जाल लगी गाड़ी और टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। टीम ने सावधानी बरतते हुए तेंदुए को फंदे से निकालने का प्रयास किया। इसी दौरान तार का फंदा ढीला पड़ गया और तेंदुआ उससे निकलकर जंगल की तरफ भाग गया।
इस दौरान तेंदुए ने वन विभाग की गाड़ी के पहिये पर झपट्टा मार दिया, जिससे उसका टायर पंक्चर हो गया। घटना के बाद आसपास के गांवों के किसान और ग्रामीणों में चिंता है। तेंदुए की मौजूदगी के चलते किसान खेतों में जाने से भी डर रहे हैं।
पांच लोगों के खिलाफ वन अपराध दर्ज
शुकतीर्थ के डिप्टी वन रेंजर नंदकिशोर शर्मा ने बताया कि भुवापुर गांव और आसपास का खादर क्षेत्र हस्तिनापुर वन्यजीव अभयारण्य के अंतर्गत आता है। भुवापुर निवासी सतेंद्र, धारीवाला निवासी जीतू समेत पांच लोगों के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम 1972 के तहत वन अपराध दर्ज किया गया है।
शर्मा के मुताबिक, गांवों में मुनादी कराकर खेतों में लगी अवैध तारबाड़ और झटका मशीनों को हटवाने के लिए अभियान चलाया जाएगा।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.