मुजफ्फरनगर: शादी समारोह में जा रहे युवकों की कार हादसे का शिकार, एक की मौत और पांच घायल

HIGHLIGHTS
- बुढ़ाना से शादी समारोह में शामिल होने मुजफ्फरनगर जा रहे युवकों की कार का हादसा हुआ।
- शाहपुर थाना क्षेत्र के हरसोली गांव के पास सामने से आ रही स्विफ्ट डिजायर से कार की टक्कर हुई।
- हादसे में अंजर पुत्र साबिर की मौके पर ही मौत हो गई।
मुजफ्फरनगर। बुढ़ाना से शादी समारोह में शामिल होने मुजफ्फरनगर जा रहे युवकों की कार शाहपुर थाना क्षेत्र के हरसोली गांव के पास सामने से आ रही स्विफ्ट डिजायर कार से टकरा गई। हादसे में कार सवार अंजर पुत्र साबिर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके छोटे भाई समेत पांच युवक घायल हो गए। एक घायल की गंभीर हालत को देखते हुए उसे मेरठ हायर सेंटर रेफर किया गया है। दुर्घटना बुधवार शाम की है।
बुढ़ाना निवासी अंजर अपने छोटे भाई शाहबाज और दोस्तों तैयब, अमन, शाहरुख व अयान उर्फ बाबू के साथ अपने सगे ताऊ नफीस के बेटे अरबाज की शादी में शामिल होने मुजफ्फरनगर जा रहा था। कार अयान उर्फ बाबू चला रहा था। हरसोली गांव के पास पहुंचते ही सामने से आ रही स्विफ्ट डिजायर कार से उनकी गाड़ी की जोरदार टक्कर हो गई। भिड़ंत इतनी जबरदस्त थी कि कार में सवार सभी युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
एक की हालत गंभीर, भाई की टांग टूटी
हादसे में अंजर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके छोटे भाई शाहबाज की टांग टूट गई। शाहरुख की हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे मेरठ के हायर सेंटर रेफर कर दिया। वहीं, तैयब, अमन और अयान का अस्पताल में उपचार जारी है।
शादी की खुशियां पलभर में मातम में बदलीं
हादसे की सूचना मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। जिस घर में कुछ समय पहले तक शादी की तैयारियां चल रही थीं और शहनाई की गूंज के बीच खुशियों का माहौल था, वहां अचानक मातम छा गया। अंजर की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
अंजर के चाचा के बेटे सलमान ने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मुजफ्फरनगर भेज दिया है। मुकदमा दर्ज कराने के लिए पुलिस को तहरीर भी दी गई है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.































Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.