शाहजहांपुर में पुलिसकर्मियों पर हमला, महिला समेत तीन आरोपियों ने दरोगा की वर्दी फाड़ी

HIGHLIGHTS
- शाहजहांपुर के बरेली मोड़ चौराहे पर रविवार को जमकर हंगामा हुआ।
- निजी बस चालक से विवाद के बाद एक महिला और दो अन्य लोगों ने पुलिसकर्मियों पर हमला किया।
- अजीजगंज चौकी के सिपाही रोहित सांगवान और अभय मौके पर पहुंचे थे।
शाहजहांपुर। यूपी के शाहजहांपुर में बरेली मोड़ चौराहे पर रविवार को एक महिला समेत तीन लोगों ने जमकर हंगामा किया। कानून व्यवस्था को चुनौती देते हुए आरोपियों ने पुलिसकर्मियों पर ही हमला कर दिया। अजीजगंज पुलिस चौकी से करीब 200 मीटर दूर एक निजी बस चालक से विवाद के बाद आरोपियों ने पहले चौकी के सिपाही के साथ मारपीट की। सिपाही ने किसी तरह भागकर अपनी जान बचाई। इसके बाद चौराहे पर यातायात व्यवस्था संभाल रहे उपनिरीक्षक को भी निशाना बनाया और उनकी वर्दी फाड़ दी। पुलिस ने महिला समेत तीनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया है।
हंगामे की सूचना पर मौके पर पहुंचे सिपाही रोहित और अभय
थाना कांट क्षेत्र के गांव ददरौल निवासी एक युवक और एक महिला हाईवे स्थित एक ढाबे पर खाना खाने के बाद बरेली मोड़ चौराहे पर पहुंचे थे। दोनों अपने घर जाने के लिए सवारी का इंतजार कर रहे थे। इसी दौरान वहां खड़ी एक निजी बस के चालक से किसी बात को लेकर उनकी कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और चौराहे पर हंगामा शुरू हो गया।
सूचना मिलने पर अजीजगंज पुलिस चौकी में तैनात सिपाही रोहित सांगवान और सिपाही अभय मौके पर पहुंचे। दोनों पक्षों को शांत कराने के साथ ही बीच-बचाव करने लगे।
मंत्री का नाम लेकर चौकी सस्पेंड कराने की धमकी
आरोप है कि पुलिसकर्मियों के बीच-बचाव करने पर युवक और महिला भड़क गए। उन्होंने पुलिसकर्मियों के साथ अभद्रता और धक्का-मुक्की शुरू कर दी। साथ ही मंत्री का नाम लेकर पुलिस चौकी को सस्पेंड कराने की धमकी भी दी। इसी बीच उनका एक अन्य साथी भी वहां पहुंच गया।
इसके बाद तीनों ने मिलकर सिपाही रोहित सांगवान के साथ मारपीट शुरू कर दी। हमलावरों के तेवर देखकर सिपाही ने वहां से भागकर किसी तरह अपनी जान बचाई।
तीनों ने यातायात दरोगा को पीटा, फाड़ी वर्दी
इसके बाद आरोपियों ने यातायात विभाग के दरोगा जावेद को निशाना बनाया। तीनों ने मिलकर उनके साथ मारपीट की और वर्दी भी फाड़ दी। इस दौरान एक सिपाही मौके पर मूकदर्शक बना रहा और उसने बीच-बचाव करने की कोशिश तक नहीं की।
घटना की जानकारी मिलते ही इंस्पेक्टर प्रदीप राय मौके पर पहुंच गए। पुलिस बल को देखकर आरोपियों ने भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने महिला समेत तीनों को पकड़ लिया और अजीजगंज चौकी ले गई। फिलहाल तीनों से पूछताछ की जा रही है।
घटना के वीडियो भी सोशल मीडिया पर डाले गए हैं, जो वायरल हो रहे हैं। हालांकि, संवाद न्यूज एजेंसी इन वीडियो की पुष्टि नहीं करती है। वीडियो में महिला और उसके दो साथी मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं।
पुलिस का बयान
सीओ सिटी प्रवीण मलिक ने बताया कि बरेली मोड़ चौराहे पर ड्यूटी कर रहे पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट करना और उनकी वर्दी फाड़ना गंभीर मामला है। महिला समेत तीनों आरोपियों को हिरासत में लिया गया है। उनका चिकित्सकीय परीक्षण कराया जा रहा है। अभियोग पंजीकृत कराकर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.
























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.