आर्मी की वर्दी में फिर नजर आए सचिन पायलट, जवानों के साथ की फायरिंग प्रैक्टिस

HIGHLIGHTS
- कांग्रेस महासचिव और पंजाब प्रभारी सचिन पायलट एक बार फिर आर्मी की वर्दी में नजर आए।
- दिल्ली कैंट स्थित 124 सिख रेजिमेंट की यूनिट में जवानों के साथ ट्रेनिंग की।
- पायलट ने मशीन गन से फायरिंग और निशानेबाजी का अभ्यास किया।
नई दिल्ली। कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव और पंजाब प्रभारी सचिन पायलट एक बार फिर सेना की वर्दी में दिखाई दिए। दिल्ली कैंट स्थित 124 सिख रेजिमेंट की यूनिट में पहुंचे पायलट ने जवानों के साथ ड्रिल और फायरिंग का अभ्यास किया। इस दौरान उन्होंने मशीन गन से निशाना साधा और सेना के निर्धारित प्रोटोकॉल के मुताबिक शारीरिक प्रशिक्षण भी लिया। उन्होंने जवानों के साथ अलग-अलग एक्सरसाइज करने के अलावा जंप और पुशअप्स भी लगाए।
सचिन पायलट ने ट्रेनिंग से जुड़ी तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किए हैं। इनमें वे कॉम्बैट यूनिफॉर्म पहनकर मशीन गन से फायरिंग का अभ्यास करते और जवानों के साथ शारीरिक गतिविधियों में हिस्सा लेते नजर आ रहे हैं।
सोशल मीडिया पर अपनी पोस्ट में पायलट ने लिखा, 'मैंने अपनी यूनिट में कुछ समय ड्रिल और ट्रेनिंग में बिताया। आर्मी में फिजिकल फिटनेस, अनुशासन और सहनशक्ति हमेशा सर्वोच्च प्राथमिकता में होते हैं।'
14 साल से टेरिटोरियल आर्मी का हिस्सा हैं पायलट
सचिन पायलट टेरिटोरियल आर्मी में मेजर के पद पर हैं। सितंबर 2012 में केंद्रीय दूरसंचार एवं आईटी राज्य मंत्री रहते हुए उन्होंने लेफ्टिनेंट के रूप में टेरिटोरियल आर्मी में प्रवेश लिया था। बाद में उन्हें कैप्टन के पद पर प्रमोशन मिला। अक्टूबर 2023 में मेजर पद के लिए परीक्षा देने के बाद वे इस रैंक पर पहुंचे।
टेरिटोरियल आर्मी से जुड़े होने के चलते पायलट समय-समय पर अपनी यूनिट में जाकर सैन्य गतिविधियों और प्रशिक्षण में भाग लेते हैं। दिल्ली कैंट स्थित 124 सिख रेजिमेंट की यूनिट उन्हें आवंटित है। इस बार भी उन्होंने यूनिट पहुंचकर जवानों के साथ ड्रिल, फायरिंग और फिटनेस से जुड़े अभ्यास किए।
जरूरत पड़ने पर कहीं भी लगाई जा सकती है ड्यूटी
टेरिटोरियल आर्मी नियमित सेना से अलग व्यवस्था के तहत काम करती है। इसमें निर्धारित प्रक्रिया और परीक्षा के माध्यम से आम नागरिक भी अधिकारी या जवान के तौर पर शामिल हो सकते हैं। इसके सदस्य सामान्य दिनों में अपने पेशे और जिम्मेदारियों से जुड़े रहते हैं, लेकिन जरूरत पड़ने या आपात स्थिति में उन्हें सैन्य सेवा के लिए बुलाया जा सकता है।
ड्यूटी के दौरान सदस्यों को उनकी रैंक के मुताबिक वेतन और अन्य सुविधाएं प्रदान की जाती हैं।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.