जूनियर नेशनल कबड्डी में हिमाचल की बेटियों ने रचा इतिहास, पहली बार जीता रजत पदक

HIGHLIGHTS
- पंजाब के फरीदकोट में 26 से 29 नवंबर तक 52वीं जूनियर नेशनल कबड्डी चैंपियनशिप का आयोजन हुआ।
- हिमाचल प्रदेश की बालिका टीम ने पहली बार फाइनल में जगह बनाकर रजत पदक जीता।
- फाइनल मुकाबले में हरियाणा ने हिमाचल प्रदेश को 29-23 से हराया।
फरीदकोट। पंजाब के फरीदकोट में आयोजित 52वीं जूनियर नेशनल कबड्डी चैंपियनशिप (बालिका वर्ग)-2026 में हिमाचल प्रदेश की टीम ने रजत पदक अपने नाम किया। पूरी प्रतियोगिता के दौरान हिमाचल की कृतिका शर्मा समेत टीम की अन्य खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। फाइनल मुकाबले में हरियाणा ने हिमाचल प्रदेश को 29-23 से हराकर खिताब जीता। हालांकि, पहली बार फाइनल में पहुंची हिमाचल की टीम ने अपने खेल से दर्शकों का दिल जीत लिया।
एमेच्योर कबड्डी फेडरेशन ऑफ इंडिया (एकेएफआई) की ओर से 26 से 29 नवंबर तक नेहरू स्टेडियम, फरीदकोट, पंजाब में इस चैंपियनशिप का आयोजन किया गया। फाइनल मुकाबले में दोनों टीमों के बीच जोरदार टक्कर देखने को मिली।
हरियाणा ने हिमाचल प्रदेश को 29-23 से हराकर चैंपियनशिप का खिताब अपने नाम किया। हिमाचल प्रदेश टीम के कोच अमित धीमान ने बताया कि पूरी प्रतियोगिता में टीम का प्रदर्शन उल्लेखनीय रहा। प्रतियोगिता के शुरुआती दौर में हिमाचल ने बड़ी जीत दर्ज करते हुए पहले दिन ओडिशा को 76-35 से हराया। इसके बाद कर्नाटक, साई कबड्डी टीम और महाराष्ट्र जैसी टीमों को शिकस्त देकर कप्तान साक्षी चंदेल के नेतृत्व में हिमाचल की टीम फाइनल तक पहुंची।
सेमीफाइनल मुकाबले में हिमाचल की कृतिका शर्मा ने शानदार खेल दिखाया। उन्होंने कुल 35 अंकों में से अकेले 20 अंक हासिल किए। टीम ने बेहद करीबी मुकाबले में दो अंकों से जीत दर्ज कर फाइनल में जगह बनाई। हालांकि, खिताबी मुकाबले में हरियाणा के हाथों हिमाचल को 29-23 से हार का सामना करना पड़ा। इसके बावजूद पहली बार फाइनल तक पहुंचने से जूनियर टीम की खिलाड़ी उत्साह से भरी हुई हैं। रजत पदक जीतने के बाद टीम की खिलाड़ियों ने जमकर हिमाचली नाटी भी की।
रजत पदक हासिल करना ऐतिहासिक उपलब्धि: कुलदीप राणा
हिमाचल प्रदेश कबड्डी संघ के अध्यक्ष राजकुमार भ्रांटा और महासचिव कुलदीप राणा ने बताया कि जूनियर नेशनल कबड्डी चैंपियनशिप (बालिका वर्ग) में हिमाचल की टीम पहली बार फाइनल तक पहुंची है। राष्ट्रीय स्तर पर रजत पदक हासिल कर प्रदेश की बेटियों ने ऐतिहासिक सफलता दर्ज की है।
उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि प्रदेश में कबड्डी खेल के उज्ज्वल भविष्य का स्पष्ट संकेत है। इस सफलता के लिए हिमाचल टीम के मुख्य कोच अमित धीमान, सहायक कोच श्यामा छिंटा और पूरी टीम बधाई की पात्र है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.































Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.