अतुल पंवार हत्याकांड: पत्नी ने प्रेमी और सपेरों के साथ मिलकर करैत सांप से रची हत्या की साजिश

HIGHLIGHTS
- मेरठ में स्कूल संचालक अतुल पंवार हत्याकांड में पुलिस ने पत्नी दामिनी, उसके प्रेमी तुषार पायला और दो सपेरों को गिरफ्तार किया है।
- पुलिस के अनुसार, हत्या की साजिश तीन महीने पहले रची गई थी और करैत प्रजाति के सांप को डिब्बे में लाकर कंबल में छोड़ा गया था।
- जांच में पत्नी और तुषार के बीच प्रेम संबंध सामने आने के बाद पुलिस ने चारों आरोपितों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया है।
मेरठ। स्कूल संचालक अतुल पंवार की हत्या की साजिश उनकी पत्नी दामिनी ने अपने प्रेमी और स्कूल बस चालक तुषार पायला के साथ मिलकर करीब तीन महीने पहले रची थी। पुलिस के अनुसार, तुषार ने अपने दोस्त सोनू और उदय को इस योजना में शामिल किया। दोनों सपेरे हैं और तीन महीने की तलाश के बाद उन्होंने करैत प्रजाति का सांप खोजा।
पुलिस जांच के मुताबिक, हत्या से 11 दिन पहले सांप को एक डिब्बे में बंद कर स्कूल में रखा गया था। गुरुवार सुबह सोनू, उदय और तुषार सांप को लेकर अतुल के घर पहुंचे और कंबल में छोड़कर वहां से चले गए। इसके बाद दामिनी ने सांप देखने के बाद शोर मचाया और आसपास के लोगों को बुला लिया।
मौके पर पहुंचे लोगों ने डंडे से सांप को मार दिया। इसके बाद दामिनी अतुल को लेकर अस्पताल पहुंची, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मामले में चारों आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
यह है पूरा मामला
बहसूमा थाना क्षेत्र के भंडौरा गांव निवासी 32 वर्षीय अतुल कुमार हस्तिनापुर की शंकुतला कॉलोनी में पत्नी दामिनी और दो बच्चों के साथ किराये के मकान में रहते थे। अतुल का बड़ा भाई कुलदीप नोएडा में सिपाही हैं। अतुल हस्तिनापुर में कृष्णा किड्स प्ले स्कूल संचालित करते थे, जबकि उनकी पत्नी दामिनी स्कूल की प्रिंसिपल थी।
अतुल पंवार विद्या पब्लिकेशन में भी काम करते थे। सात साल पहले अतुल और दामिनी का प्रेम विवाह हुआ था। पुलिस के अनुसार, शुक्रवार सुबह करीब पांच बजे दामिनी का प्रेमी तुषार पायला निवासी कोहला, हाल निवासी हस्तिनापुर, अपने साथी सपेरे सोनू निवासी सिविल लाइन हस्तिनापुर और उदय कुमार निवासी बाल्मीकि चौक हस्तिनापुर के साथ अतुल के घर पहुंचा।
तीनों अपने साथ डिब्बे में करैत प्रजाति का सांप लेकर आए थे। पुलिस के मुताबिक, इससे पहले दामिनी ने दूध में मिलाकर अतुल को नींद की 25 गोलियां दी थीं, जिससे वह बदहवास हालत में था। इसके बाद आरोपितों ने कंबल में डिब्बे से सांप छोड़ दिया और वहां से चले गए। सांप के काटने के बाद दामिनी ने शोर मचाया, जिसके बाद आसपास के लोग पहुंचे और अतुल को अस्पताल ले गए।
दामिनी की गतिविधियों से पुलिस को हुआ शक
अतुल की मौत के बाद दामिनी ने पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया था। हालांकि, बाद में उसके पिता अजब सिंह पोस्टमार्टम के लिए तैयार हुए। दामिनी की गतिविधियों को देखकर पुलिस को उस पर शक हुआ। इसके बाद पुलिस ने उसके मोबाइल की सीडीआर निकलवाकर जांच शुरू की।
जांच में तुषार पायला से उसके प्रेम संबंधों की जानकारी सामने आई। पुलिस ने तुषार को पकड़ लिया। पूछताछ में उसने पूरे घटनाक्रम का खुलासा किया, जिसके बाद दामिनी और दोनों सपेरों को भी गिरफ्तार कर लिया गया। चारों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, दामिनी रोजाना तुषार के साथ स्कूल से गांव भंडौरा जाती थी। इसी दौरान दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और बाद में दोनों ने अतुल की हत्या की योजना बनाई। इसके बाद दामिनी अतुल को अपने साथ हस्तिनापुर लेकर आ गई थी।
ज्योतिषी की बात बताकर गांव से आई थी हस्तिनापुर
अजब सिंह ने बताया कि करीब तीन महीने पहले दामिनी ने बताया था कि ज्योतिषी ने कहा है कि परिवार से चार साल के लिए अलग रहना होगा, नहीं तो कोई बड़ा अनर्थ हो सकता है। इसके बाद तीन महीने पहले अतुल और दामिनी गांव छोड़कर हस्तिनापुर में किराये के मकान में रहने लगे थे।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.