अगस्त में 220 दवाओं के नमूने गुणवत्ता जांच में फेल, दिल्ली में एक दवा नकली मिली

HIGHLIGHTS
- केंद्रीय दवा प्रयोगशालाओं में 29 नमूने NSQ पाए गए
- राज्य की दवा परीक्षण प्रयोगशालाओं में 191 नमूने NSQ मिले
- अगस्त 2026 की दवा जांच रिपोर्ट से सामने आए आंकड़े
- CDSCO हर महीने NSQ और नकली दवाओं की सूची जारी करता है
केंद्रीय दवा प्रयोगशालाओं में अगस्त 2026 के दौरान अलग-अलग कंपनियों की 29 दवाओं के नमूने निर्धारित गुणवत्ता मानकों पर खरे नहीं पाए गए। इसके अलावा, राज्यों की दवा परीक्षण प्रयोगशालाओं में भी 191 नमूने ‘मानक गुणवत्ता के अनुरूप नहीं’ (NSQ) मिले हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय के अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
हर महीने जारी होती है दवाओं की जांच रिपोर्ट
स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, नियमित नियामकीय निगरानी के तहत केंद्रीय औषधि मानक नियंत्रण संगठन (CDSCO) हर महीने अपने पोर्टल पर ‘मानक गुणवत्ता के अनुरूप नहीं’ (NSQ) और नकली दवाओं की सूची जारी करता है। अगस्त 2026 की रिपोर्ट में केंद्रीय प्रयोगशालाओं में 29, जबकि राज्य की दवा परीक्षण प्रयोगशालाओं में 191 नमूनों को NSQ घोषित किया गया है।
एक या अधिक मानकों पर खरा न उतरने पर NSQ
किसी दवा के नमूने को NSQ उस स्थिति में माना जाता है, जब सरकारी प्रयोगशाला में जांच के दौरान वह निर्धारित गुणवत्ता मानकों के एक या उससे अधिक पैरामीटर पर खरी नहीं उतरती। मंत्रालय ने स्पष्ट किया है कि यह निष्कर्ष जांचे गए संबंधित बैच के दवा उत्पाद पर लागू होता है। इसका यह अर्थ नहीं है कि बाजार में उपलब्ध उसी दवा के अन्य उत्पादों को लेकर भी चिंता की कोई वजह है।
दिल्ली में नकली दवा का मामला
दिल्ली से एक दवा का नमूना नकली पाया गया है। मंत्रालय के मुताबिक, इसे अधिकृत निर्माता के बजाय अनधिकृत निर्माताओं ने तैयार किया था और इसके लिए किसी दूसरी कंपनी के ब्रांड नाम का इस्तेमाल किया गया। मामले की जांच जारी है और कानून के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
NSQ और नकली दवाओं को बाजार से हटाने की प्रक्रिया
स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि NSQ और नकली दवाओं की पहचान कर उन्हें बाजार से हटाने की प्रक्रिया नियमित रूप से चलती रहती है। इसके लिए केंद्रीय और राज्य दवा नियामक आपसी समन्वय से काम करते हैं। इसका उद्देश्य गुणवत्ता मानकों पर खरी न उतरने वाली या नकली दवाओं की समय रहते पहचान करना और उनके खिलाफ आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करना है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.