अयोध्या में जल्द मिलेगी कैंसर की संपूर्ण चिकित्सा सुविधा, PPP मॉडल पर बनेगा केयर यूनिट

HIGHLIGHTS
- आठ जिलों में यूनिट स्थापित करने का प्रस्ताव तैयार किया गया है।
- मेडिकल कॉलेजों में उपलब्ध सुविधाओं का स्थलीय निरीक्षण होगा।
- PPP संस्था स्क्रीनिंग से लेकर फॉलोअप तक की जिम्मेदारी संभालेगी।
अयोध्या। रामनगरी में कैंसर रोगियों को जल्द राहत मिलने की उम्मीद है। यदि सब कुछ योजना के अनुसार रहा तो राजर्षि दशरथ मेडिकल कॉलेज में जल्द ही कैंसर की संपूर्ण चिकित्सा सुविधा उपलब्ध हो सकती है। इसे लेकर शासन स्तर पर मंथन जारी है।
अयोध्या समेत अन्य चुनिंदा जिलों में कैंसर केयर यूनिट पब्लिक प्राइवेट पार्टनरशिप (पीपीपी) मॉडल पर संचालित की जाएगी। इस संबंध में शासन के अधिकारियों और सरकार की संस्था सिफ्सा के अधिशासी निदेशक के साथ बैठक भी हो चुकी है। इसमें अयोध्या, सहारनपुर, बांदा, झांसी, कन्नौज, शाहजहांपुर, आजमगढ़ और चंदौली को यूनिट की स्थापना के लिए चुना गया है।
इस मामले में सिफ्सा के अधिशासी निदेशक की अध्यक्षता में बैठक हुई थी। इसमें महानिदेशक चिकित्सा एवं स्वास्थ्य डॉ. अलका शर्मा, महानिदेशक चिकित्सा शिक्षा, निदेशक कल्याण सिंह कैंसर संस्थान समेत सात सदस्यीय टीम ने प्रस्ताव को मंजूरी दी है।
दरअसल, जिलों में कैंसर रोगियों की संख्या बढ़ रही है, लेकिन कई जिलों में स्थापित मेडिकल कॉलेजों में कैंसर के उपचार की सुविधा उपलब्ध नहीं है। इसी समस्या के समाधान के लिए शासन ने पीपीपी मॉडल पर मंडलीय कैंसर उपचार केंद्र संचालित करने का निर्णय लिया है। इसके लिए अलग-अलग मंडलों के जिलों का चयन किया गया है। योजना के तहत इच्छुक संस्थानों को आमंत्रित किया जाएगा।
चयनित इकाइयों को अंतिम रूप देने से पहले चिकित्सा शिक्षा, चिकित्सा स्वास्थ्य, एनएचएम और सिफ्सा की टीम गठित कर स्थलीय निरीक्षण करेगी। इससे परियोजना प्रस्ताव में मेडिकल कॉलेजों के इंफ्रास्ट्रक्चर की वास्तविक स्थिति का पता लगाया जा सकेगा।
बैठक में इंफ्रास्ट्रक्चर की उपलब्धता का आकलन दो सप्ताह में करने का फैसला लिया गया है। इसके लिए महानिदेशक चिकित्सा शिक्षा एवं प्रशिक्षण की ओर से अपर निदेशक डॉ. आलोक कुमार ने मेडिकल कॉलेज को पत्र भेजा है।
इस तरह होगी कैंसर उपचार केंद्र की व्यवस्था
शासन की ओर से जारी पत्र के अनुसार, मेडिकल कॉलेज की तरफ से इंफ्रास्ट्रक्चर उपलब्ध कराया जाएगा। वहीं पीपीपी मॉडल पर काम करने वाली संस्था कैंसर स्क्रीनिंग, निदान, उपचार, रोगी नेविगेशन और फॉलोअप की पूरी श्रृंखला संचालित करेगी।
मंडलीय कैंसर उपचार केंद्र के लिए मेडिकल कॉलेज का नाम शामिल किया गया है, लेकिन अभी विस्तृत जानकारी वाला पत्र नहीं मिला है। विस्तृत पत्र आने के बाद ही पूरी जानकारी दी जा सकती है। -डॉ. दिनेश सिंह मर्तोलिया, प्राचार्य आरडी मेडिकल कॉलेज।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.