दीपोत्सव-2026 में रामायण थीम से सजेगी अयोध्या, 56 घाटों पर जलेंगे 30 लाख दीये

HIGHLIGHTS
- दीपोत्सव-2026 के आयोजन छह से आठ नवंबर तक होंगे।
- सात नवंबर को मुख्य दीपोत्सव कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
- श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए करीब 10 स्थानों पर वे-फाइंडर लगाए जाएंगे।
दीयों की रोशनी से जगमगाने वाली रामनगरी अयोध्या इस बार कलात्मक सजावट और रचनात्मक आकृतियों के जरिए भी श्रद्धालुओं और पर्यटकों को आकर्षित करेगी। दीपोत्सव-2026 के दौरान अयोध्या के प्रमुख चौराहों, प्रवेश मार्गों, राम कथा पार्क, राम की पैड़ी और सरयू तट तक रामायण की थीम पर भव्य सजावट देखने को मिलेगी।
उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग ने दीपोत्सव के लिए विस्तृत कार्य योजना तैयार की है। इसके तहत रामनगरी में सजावटी द्वार, वे-फाइंडर, सेल्फी प्वाइंट और मंच तैयार किए जाएंगे। इसके अलावा राम रथ और पुष्पक विमान की झलक भी देखने को मिलेगी। सरयू की लहरों पर आकर्षक फ्लोटर्स दीपोत्सव की भव्यता को और बढ़ाएंगे।
छह से आठ नवंबर तक होंगे आयोजन
दीपोत्सव-2026 के तहत अयोध्या में छह से आठ नवंबर तक अलग-अलग कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। सात नवंबर को दीपोत्सव के मुख्य आयोजन में रामनगरी के 56 घाटों पर करीब 30 लाख दीये जलाए जाएंगे।
श्रद्धालुओं और पर्यटकों को सुविधाएं देने के लिए करीब 10 प्रमुख स्थानों पर थीम आधारित वे-फाइंडर लगाए जाएंगे। इन्हें प्रमुख प्रवेश मार्गों, चौराहों और आयोजन स्थलों के आसपास स्थापित किया जाएगा। इनकी मदद से लोगों को संबंधित स्थानों की जानकारी और दिशा-निर्देश मिल सकेंगे। इसके अलावा वर्टिकल स्क्रीन के जरिए भी स्थानों से जुड़ी जरूरी जानकारी प्रदर्शित की जाएगी।
राम की पैड़ी मार्ग तक बनेंगी कलात्मक स्थापनाएं
दीपोत्सव में आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए राम कथा पार्क और राम की पैड़ी में 10-10 आकर्षक सेल्फी प्वाइंट बनाए जाएंगे। प्रत्येक इंस्टॉलेशन की थीम, डिजाइन और निर्माण शैली अलग होगी। इनमें अयोध्या और दीपोत्सव की झलक कलात्मक तरीके से दिखाई जाएगी।
त्रि-आयामी कलाकृतियां आयोजन स्थलों की खूबसूरती बढ़ाने के साथ आगंतुकों के अनुभव को भी खास बनाएंगी। इन्हें दीपोत्सव-2026 की सजावट के हिस्से के रूप में तैयार किया जाएगा और ये लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र भी रहेंगी। इसी क्रम में लता मंगेशकर चौक से राम की पैड़ी मार्ग तक आर्ट इंस्टालेशन तैयार किए जाएंगे।
राम कथा पार्क में मंच का बदलेगा स्वरूप
दीपोत्सव के सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए राम कथा पार्क के स्थायी मंच को नए कलेवर में तैयार किया जाएगा। यहां उच्च गुणवत्ता वाली ध्वनि और प्रकाश व्यवस्था के साथ एलईडी स्क्रीन और थीम आधारित रंगीन कपड़ों का इस्तेमाल होगा। मंच के दोनों ओर सीढ़ियां, पुष्प सज्जा, रंगोली और पर्दों की व्यवस्था होगी। मंच पर बैठने की व्यवस्था भी की जाएगी।
मौजूदा ढांचे को ध्यान में रखते हुए ही मंच का डिजाइन तैयार किया जाएगा। राम कथा पार्क के प्रवेश और निकास को आकर्षक बनाने के लिए सजावटी गेट भी बनाए जाएंगे। इन द्वारों की डिजाइन भारतीय संस्कृति, पारंपरिक प्रतीकों और रामायण के प्रसंगों पर आधारित होगी।
अयोध्या के प्रवेश मार्गों पर दिखेगी रामायण की थीम
दीपोत्सव-2026 के दौरान अयोध्या के प्रवेश मार्ग भी नए रंग-रूप में नजर आएंगे। शहर के प्रमुख हाईवे और 'धर्म पथ' पर रामायण की थीम पर 10 भव्य द्वार तैयार किए जाएंगे।
लखनऊ, सुल्तानपुर और रायबरेली की ओर से अयोध्या आने वाले मार्गों के साथ धर्म पथ पर बनाए जाने वाले इन द्वारों की सजावट में प्रत्येक गेट की अलग पहचान होगी। आकर्षक डिजाइन, थीम आधारित सजावट और रोशनी से सजे ये प्रवेश द्वार श्रद्धालुओं के अयोध्या पहुंचते ही दीपोत्सव की भव्यता का एहसास कराएंगे।
अयोध्या की आभा बनेगी अविस्मरणीय
पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि दीपोत्सव-2026 में अयोध्या की भव्यता के साथ उसकी सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत को भी नए रचनात्मक अंदाज में प्रस्तुत किया जाएगा। उन्होंने कहा कि रामायण की थीम पर होने वाली सजावट, कलात्मक स्थापनाएं और प्रकाश व्यवस्था श्रद्धालुओं और पर्यटकों को रामनगरी के दिव्य और भव्य स्वरूप का नया अनुभव कराएंगी।
पर्यटन मंत्री ने कहा कि प्रयास है कि दीपोत्सव की आभा अयोध्या आने वाले हर व्यक्ति के मन में अविस्मरणीय छाप छोड़े।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.