बांकीपुर उपचुनाव: स्क्रूटनी में 14 प्रत्याशियों के पर्चे खारिज, अब 27 उम्मीदवार मैदान में
By Hitesh — July 14, 2026

HIGHLIGHTS
- बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव की स्क्रूटनी में 14 प्रत्याशियों के 18 नामांकन पत्र नियमों में कमी पाए जाने पर रद्द कर दिए गए।
- भाजपा प्रत्याशी अभिषेक कुमार सिन्हा और जनशक्ति जनता दल की वीणा मानवी समेत कई उम्मीदवारों के पर्चे दस्तावेजों और प्रस्तावकों से जुड़ी कमियों के कारण खारिज हुए।
- जांच के बाद अब 27 प्रत्याशी चुनाव मैदान में बचे हैं, जबकि 30 जुलाई को मतदान और 3 अगस्त को मतगणना होगी।
Author: — Dainik Dehat
पटना। बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव को लेकर नामांकन पत्रों की जांच प्रक्रिया पूरी हो गई है। मंगलवार को हुई स्क्रूटनी में 14 प्रत्याशियों के 18 नामांकन पत्रों को नियमों में कमी पाए जाने के कारण खारिज कर दिया गया। इनमें कई उम्मीदवार ऐसे रहे, जो निर्धारित संख्या में प्रस्तावक तक नहीं जुटा पाए, जबकि कुछ के दस्तावेज, शपथपत्र और अन्य जरूरी कागजातों में खामियां मिलीं।
जांच के दौरान सामने आया कि नौ प्रत्याशी दस प्रस्तावकों की अनिवार्य शर्त भी पूरी नहीं कर सके। वहीं, कुछ उम्मीदवारों के प्रस्तावकों के हस्ताक्षर और मतदाता सूची से जुड़े विवरण में अंतर पाया गया। कई नामांकन पत्रों के साथ निर्धारित प्रारूप में शपथपत्र नहीं लगाया गया था या जरूरी दस्तावेज जमा नहीं किए गए थे।
भाजपा और जनशक्ति जनता दल के प्रत्याशी का नामांकन भी रद्द
स्क्रूटनी में भाजपा के सिंबल पर नामांकन दाखिल करने वाले अभिषेक कुमार सिन्हा उर्फ बंटी का पर्चा भी निरस्त हो गया। इसके अलावा तेज प्रताप यादव की पार्टी जनशक्ति जनता दल की प्रत्याशी वीणा मानवी का नामांकन भी रद्द कर दिया गया।
वीणा मानवी को गैर-जमानती वारंट के मामले में सोमवार को गांधी मैदान थाना पुलिस ने हिरासत में लेकर कोर्ट में पेश किया था, जहां से उन्हें जमानत मिल गई थी।
14 प्रत्याशियों के पर्चे हुए खारिज
नामांकन रद्द होने वाले 14 उम्मीदवारों में आठ प्रत्याशी विभिन्न राजनीतिक दलों से जुड़े थे, जबकि छह निर्दलीय उम्मीदवार शामिल हैं। निर्दलीय प्रत्याशियों में एक किन्नर उम्मीदवार भी शामिल है।
निर्वाचन अधिकारियों के अनुसार, कुछ उम्मीदवारों के प्रस्तावकों की जानकारी सही नहीं मिली, जबकि कुछ मामलों में सुरक्षा जमानत राशि, प्रमाणपत्र और अन्य अनिवार्य दस्तावेजों की कमी पाई गई।
अब 27 प्रत्याशी चुनाव मैदान में
निर्वाची पदाधिकारी राघवेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि नामांकन पत्रों की जांच जनप्रतिनिधित्व अधिनियम, 1951 और निर्वाचन आयोग के नियमों के अनुसार की गई। जिन उम्मीदवारों ने जरूरी कानूनी मानकों को पूरा नहीं किया, उनके पर्चे निरस्त कर दिए गए।
स्क्रूटनी के बाद अब बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में 27 प्रत्याशी मैदान में रह गए हैं। इन उम्मीदवारों के 39 नामांकन पत्र वैध पाए गए हैं। भाजपा प्रत्याशी नीरज कुमार उर्फ नीरज सिन्हा ने चार सेट में नामांकन दाखिल किया था, जबकि जनसुराज के प्रशांत किशोर और राजद प्रत्याशी रेखा कुमारी उर्फ रेखा गुप्ता के दो-दो नामांकन वैध घोषित हुए हैं।
चुनाव से जुड़े प्रमुख तथ्य
- 16 जुलाई तक उम्मीदवार नाम वापस ले सकेंगे।
- 30 जुलाई को मतदान होगा और 3 अगस्त को मतगणना होगी।
- चुनाव के लिए 422 मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जो 164 भवनों में संचालित होंगे।
- बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र में कुल 3,79,471 मतदाता हैं।
- चुनाव ड्यूटी के लिए करीब 3,000 कर्मचारियों की तैनाती की जाएगी।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.