नालंदा: हिलसा स्टेशन के पास मालगाड़ी की 4 बोगियां पटरी से उतरीं, कई ट्रेनें प्रभावित
By Hitesh — July 13, 2026

Author: — Dainik Dehat
नालंदा। फतुहा-नटेसर रेलखंड पर सोमवार को एक बड़ा हादसा टल गया। हिलसा रेलवे स्टेशन के पास एक खाली मालगाड़ी की चार बोगियां अचानक पटरी से उतर गईं। घटना के बाद रेल प्रशासन में हड़कंप मच गया और इस रूट पर ट्रेनों का संचालन प्रभावित हो गया।
जानकारी के मुताबिक, खाली मालगाड़ी फतुहा से नटेसर की ओर जा रही थी। जैसे ही ट्रेन हिलसा स्टेशन परिसर में पहुंची, उसी दौरान उसकी चार बोगियां बेपटरी हो गईं। राहत की बात यह रही कि हादसे के समय मालगाड़ी की गति काफी कम थी, जिसके कारण किसी तरह की जनहानि नहीं हुई।
मौके पर पहुंची रेलवे की टीमें
घटना की जानकारी मिलते ही रेलवे अधिकारियों को सूचित किया गया। इसके बाद पटना से दुर्घटना राहत दल को घटनास्थल के लिए रवाना किया गया। जीआरपी और आरपीएफ की टीमें भी मौके पर पहुंच गईं और स्थिति का जायजा लिया।
हादसे के कारण रेलवे ट्रैक प्रभावित होने से आसपास के कई रेलवे फाटक बंद कर दिए गए। इसका असर सड़क यातायात पर भी पड़ा और हिलसा-चिकसौरा मार्ग समेत अन्य रास्तों पर वाहनों की लंबी कतार लग गई।
कम रफ्तार में थी मालगाड़ी
रेलवे के टीआई कुंदन कुमार ने बताया कि दुर्घटना के वक्त मालगाड़ी की रफ्तार 15 किलोमीटर प्रति घंटे से भी कम थी। शुरुआती जांच में हादसे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। रेलवे ने मामले की जांच शुरू कर दी है, जिसके बाद ही दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता चल पाएगा।
कई ट्रेनों का संचालन प्रभावित
मालगाड़ी के डिब्बे पटरी से उतरने के कारण इस रेलखंड से गुजरने वाली कई यात्री ट्रेनों पर असर पड़ा। दिल्ली से इस्लामपुर जाने वाली मगध एक्सप्रेस को रास्ते में रोकना पड़ा, जबकि पटना-इस्लामपुर लोकल ट्रेन को जटडुमरी जंक्शन पर खड़ा किया गया।
इसके अलावा इस्लामपुर से दोपहर 12 बजे रवाना होने वाली हटिया एक्सप्रेस का परिचालन भी प्रभावित हुआ। रेलवे की टीमें युद्धस्तर पर ट्रैक को ठीक करने और बेपटरी हुई बोगियों को हटाने में जुटी हैं। अधिकारियों का कहना है कि जल्द से जल्द रेल सेवा सामान्य करने का प्रयास किया जा रहा है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.