प्रशांत किशोर की संपत्ति का खुलासा, हलफनामे में 22 करोड़ से ज्यादा चल संपत्ति दर्ज

HIGHLIGHTS
- बांकीपुर उपचुनाव के लिए नामांकन के साथ प्रशांत किशोर ने अपनी संपत्ति का ब्यौरा हलफनामे में पेश किया।
- हलफनामे के अनुसार, प्रशांत किशोर के पास 22 करोड़ रुपये से अधिक की चल संपत्ति, जबकि पत्नी के पास करीब 99 करोड़ रुपये की चल संपत्ति है।
- प्रशांत किशोर की आय, कर्ज, कंपनी में हिस्सेदारी और लंबित आपराधिक मामलों की जानकारी भी हलफनामे में दर्ज की गई है।
पटना। बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए जन सुराज पार्टी के उम्मीदवार प्रशांत किशोर ने सोमवार को अपना नामांकन दाखिल किया। नामांकन के साथ जमा किए गए हलफनामे में उनकी संपत्ति, आय, कर्ज और अन्य विवरण सामने आए हैं।
हलफनामे के मुताबिक, प्रशांत किशोर के पास 22,19,74,976 रुपये की चल संपत्ति है, जबकि उनकी पत्नी जाह्नवी दास के नाम 99,51,67,249 रुपये की चल संपत्ति दर्ज है।
प्रशांत किशोर की स्वयं अर्जित अचल संपत्ति का वर्तमान बाजार मूल्य करीब 59.25 करोड़ रुपये बताया गया है। इसके अलावा उन्हें विरासत में मिली संपत्ति का मूल्य लगभग 14.62 करोड़ रुपये है।
एक साल में 58 लाख रुपये से ज्यादा आय
आयकर रिटर्न के अनुसार, वित्तीय वर्ष 2024-25 में प्रशांत किशोर की कुल आय 58,45,430 रुपये रही। यह आंकड़ा उनके द्वारा जन सुराज पार्टी को दिए गए 10 करोड़ रुपये के योगदान के बाद का है। इससे पहले वित्तीय वर्ष 2023-24 में उनकी आय 8,89,26,320 रुपये दर्ज की गई थी।
कंपनी में पूरी हिस्सेदारी, करोड़ों का कर्ज भी
हलफनामे में बताया गया है कि प्रशांत किशोर की वेधास वेंचर्स प्राइवेट लिमिटेड में 100 प्रतिशत हिस्सेदारी है। वहीं, उनके ऊपर बैंक और वित्तीय संस्थानों की कुल 5,77,53,765 रुपये की देनदारी है।
उनकी पत्नी जाह्नवी दास पर 55,38,000 रुपये का कर्ज दर्ज है।
पत्नी डॉक्टर, खुद राजनीतिक सलाहकार
हलफनामे के अनुसार, प्रशांत किशोर का मुख्य पेशा राजनीतिक सलाहकार और कंसल्टेंट बताया गया है। उनकी पत्नी जाह्नवी दास पेशे से चिकित्सक हैं और एमबीबीएस डिग्रीधारी हैं। वह नई दिल्ली स्थित अपोलो इंद्रप्रस्थ अस्पताल में सीनियर एडवाइजर स्पेशल प्रोजेक्ट्स के पद पर कार्यरत हैं।
8 आपराधिक मामले लंबित
प्रशांत किशोर के खिलाफ फिलहाल 8 आपराधिक मामले लंबित होने की जानकारी हलफनामे में दी गई है। इनमें गैरकानूनी रूप से एकत्र होने, दंगा, लोक सेवक के कार्य में बाधा डालने और मानहानि जैसे आरोप शामिल हैं।
हालांकि, हलफनामे में यह भी स्पष्ट किया गया है कि किसी भी मामले में उन्हें अब तक दोषी घोषित नहीं किया गया है।
शैक्षणिक योग्यता
प्रशांत किशोर ने वर्ष 1999 में लखनऊ विश्वविद्यालय से बैचलर ऑफ बिजनेस एडमिनिस्ट्रेशन (BBA) की डिग्री हासिल की। इसके बाद 2001 से 2003 के बीच उन्होंने हैदराबाद स्थित एडमिनिस्ट्रेटिव स्टाफ कॉलेज ऑफ इंडिया से मास्टर ऑफ हेल्थकेयर मैनेजमेंट (MHA) किया।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.