ईरान-अमेरिका संघर्ष में गई बिहार के युवक की जान, मर्चेंट शिप पर था तैनात; परिवार को शव का इंतजार

HIGHLIGHTS
- गोपालगंज के थावे निवासी सोनू कुमार गुप्ता की विदेश में मौत की सूचना से परिवार में मातम।
- सोनू दुबई में मर्चेंट शिप पर कार्यरत थे, परिजनों को हमले में मौत की जानकारी मिली।
- परिवार और स्थानीय लोग पार्थिव शरीर को भारत लाने की प्रक्रिया पूरी होने का इंतजार कर रहे हैं।
गोपालगंज। ईरान और अमेरिका के बीच चल रहे सैन्य तनाव का असर अब बिहार के गोपालगंज जिले तक पहुंच गया है। थावे बाजार के रहने वाले एक युवक की विदेश में मौत की खबर मिलने के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।
मृतक की पहचान थावे निवासी व्यवसायी संजय गुप्ता के बेटे सोनू कुमार गुप्ता के रूप में हुई है। सोनू दुबई में एक मर्चेंट शिप पर काम करते थे।
हमले में मौत की सूचना से परिवार में मचा कोहराम
परिजनों के मुताबिक, मंगलवार सुबह उन्हें सूचना मिली कि ईरान-अमेरिका संघर्ष के दौरान हुए एक हमले में सोनू कुमार गुप्ता की जान चली गई। हालांकि, घटना की पूरी जानकारी और आधिकारिक पुष्टि का परिवार अभी इंतजार कर रहा है।
बेटे की मौत की खबर मिलते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। माता-पिता समेत अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
थावे बाजार में छाया मातम
सोनू के पिता संजय गुप्ता थावे बाजार में जूते-चप्पल की दुकान चलाते हैं। बेटे की मौत की खबर मिलने के बाद मंगलवार को उन्होंने अपनी दुकान बंद रखी।
घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग, रिश्तेदार और परिचित परिवार से मिलने पहुंचे और उन्हें ढांढस बंधाया। पूरे इलाके में शोक और उदासी का माहौल बना हुआ है।
पार्थिव शरीर भारत लाने का इंतजार
परिवार अब सोनू के पार्थिव शरीर के भारत पहुंचने का इंतजार कर रहा है। परिजनों का कहना है कि अभी तक शव को भारत लाने की प्रक्रिया और संबंधित औपचारिकताओं के बारे में उन्हें कोई स्पष्ट जानकारी नहीं मिली है।
स्थानीय लोगों और जनप्रतिनिधियों ने केंद्र सरकार से अपील की है कि आवश्यक प्रक्रिया जल्द पूरी कर सोनू का पार्थिव शरीर उनके घर तक पहुंचाने की व्यवस्था की जाए, ताकि उनका अंतिम संस्कार सम्मानपूर्वक किया जा सके।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.