बेमेतरा महिला हत्याकांड का खुलासा, शव के टुकड़े कर नदी में फेंकने वाला आरोपी गिरफ्तार

HIGHLIGHTS
- बेमेतरा के चंदनू थाना क्षेत्र में महिला की हत्या के मामले में पुलिस ने आरोपी रामप्रसाद सोनवानी उर्फ बंगाली को गिरफ्तार किया है।
- पुलिस के अनुसार आरोपी ने महिला की हत्या के बाद शव के हाथ-पैर काटकर दो गठरियों में भरकर शिवनाथ नदी में फेंक दिया था।
- जांच में आरोपी का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया है, वह पहले हत्या के मामले में सजा काट चुका है।
बेमेतरा: जिले के चंदनू थाना क्षेत्र में महिला की हत्या के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने पहले महिला की हत्या की, इसके बाद शव के साथ दुष्कर्म किया और पहचान छिपाने के लिए शव के हाथ-पैर काटकर दो अलग-अलग गठरियों में भरकर शिवनाथ नदी में फेंक दिया। शुक्रवार को पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
मामले का खुलासा एसपी कार्यालय में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में किया गया। एसपी त्रिलोक बंसल ने बताया कि ग्राम सोनपुरी निवासी गोवर्धन बंजारे ने अपनी 50 वर्षीय मां दुकलिहिन बाई के 7 जुलाई से लापता होने की शिकायत दर्ज कराई थी।
इसके बाद 9 जुलाई को परिजन तलाश करते हुए ग्राम तुमा के पास अमरैया नाला-शिवनाथ नदी किनारे पहुंचे, जहां उन्हें दो संदिग्ध गठरियां मिलीं। एक गठरी में महिला का धड़ और सिर मिला, जबकि दूसरी गठरी में दोनों हाथ और पैर अलग-अलग कटे हुए बरामद हुए।
पुलिस के मुताबिक, शव को घर की साड़ी, चादर, कंबल और प्लास्टिक में लपेटा गया था। सूचना मिलने के बाद चंदनू पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की। घटना की गंभीरता को देखते हुए विशेष टीम गठित की गई। जांच में साइबर सेल, डॉग स्क्वॉड और फोरेंसिक टीम की सहायता ली गई। नदी और आसपास के इलाकों में ड्रोन, नाव और सर्च लाइट की मदद से तलाश अभियान चलाया गया।
जांच के दौरान मिले परिस्थितिजन्य साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर पुलिस का संदेह गांव के ही रामप्रसाद सोनवानी उर्फ बंगाली (42) पर गया। हिरासत में लेकर पूछताछ करने पर आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया।
रंजिश के चलते वारदात को दिया अंजाम
पुलिस के अनुसार, आरोपी ने पूछताछ में बताया कि मृतका के पति से उसकी पुरानी रंजिश थी। 6 जुलाई की रात करीब 10 बजे वह महिला के घर पहुंचा और उसके साथ दुष्कर्म का प्रयास किया। विरोध करने पर उसने फावड़े से सिर पर वार कर महिला की हत्या कर दी।
इसके बाद आरोपी ने शव के साथ दुष्कर्म किया और पहचान छिपाने के लिए घर में रखी आरी से दोनों हाथ कंधे से और दोनों पैर जांघ के पास से काट दिए। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने शव के हिस्सों को दो गठरियों में बांधकर पहले अपनी झोपड़ी में छिपाया और अगले दिन रात में शिवनाथ नदी किनारे ले जाकर फेंक दिया।
पुलिस ने बताया कि आरोपी महिला के घर से 2500 रुपये भी लेकर गया था। इसमें से 2000 रुपये वह खर्च कर चुका था, जबकि 500 रुपये उसके कब्जे से बरामद किए गए हैं। आरोपी की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल फावड़ा, आरी और अन्य साक्ष्य भी जब्त किए गए हैं।
पहले भी हत्या के मामले में काट चुका है सजा
पुलिस के अनुसार, आरोपी वर्ष 2017 में भी गांव की एक महिला की हत्या के मामले में सजा काट चुका है। इसके अलावा उसके खिलाफ पहले भी प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की जा चुकी है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। मामले में भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराएं बढ़ाई गई हैं और आगे की जांच जारी है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.