नेपाल में बाढ़: धामी ने दिया हरसंभव मदद का भरोसा, उत्तराखंड के लोगों के लिए हेल्पलाइन जारी

HIGHLIGHTS
- यूएसडीएम ने नेपाल में प्रभावित उत्तराखंड के नागरिकों के लिए सहायता नंबर जारी किए।
- नागरिकों से जुड़ी जानकारी भी इन हेल्पलाइन नंबरों पर साझा की जा सकती है।
- टोल फ्री नंबर 1070 पर भी संपर्क की सुविधा उपलब्ध है।
देहरादून। नेपाल में भीषण बाढ़ से हुई जन-धन की क्षति को देखते हुए उत्तराखंड राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (यूएसडीएम) ने उत्तराखंड के नागरिकों की सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं। यूएसडीएम के अनुसार, अगर उत्तराखंड का कोई नागरिक नेपाल के प्रभावित क्षेत्र में फंसा है या किसी व्यक्ति से जुड़ी कोई जानकारी साझा करनी है, तो इन हेल्पलाइन नंबरों पर संपर्क किया जा सकता है। इसके अलावा टोल फ्री नंबर 1070 पर भी संपर्क किया जा सकता है।
ये हेल्पलाइन नंबर जारी
- 0135-2710334, 2710335
- 2664314, 2664315, 2664316
- 8218867005
नेपाल में आई आपदा उत्तराखंड के लिए भी पीड़ादायक : धामी
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नेपाल में आई आपदा में हुए जानमाल के नुकसान पर गहरा दुख जताया है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की जनता और राज्य सरकार की संवेदनाएं नेपाल के प्रभावित परिवारों के साथ हैं।
मुख्यमंत्री ने ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति और प्रभावित लोगों के सकुशल होने की प्रार्थना की। उन्होंने कहा कि भारत और नेपाल के रिश्ते केवल दो पड़ोसी देशों तक सीमित नहीं हैं, बल्कि साझा संस्कृति, परंपराओं, आस्था, सामाजिक सरोकारों और आत्मीयता से जुड़े हैं। उत्तराखंड और नेपाल के बीच विशेष रूप से सदियों पुराने रोटी-बेटी के संबंध रहे हैं। दोनों क्षेत्रों के लोगों के पारिवारिक रिश्तों के साथ सामाजिक, सांस्कृतिक और व्यापारिक संबंध भी लगातार मजबूत हुए हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कुमाऊं क्षेत्र का नेपाल के साथ विशेष और आत्मीय संबंध है। पिथौरागढ़ और चंपावत समेत सीमावर्ती क्षेत्रों के लोगों के नेपाल के साथ ऐतिहासिक, सामाजिक और सांस्कृतिक संबंध रहे हैं। ऐसे में नेपाल में आई आपदा का दुख उत्तराखंड के लोगों के लिए परिवार के किसी सदस्य के संकट में होने जैसा है।
धामी ने कहा कि नेपाल की पीड़ा उत्तराखंड की पीड़ा है और संकट की इस घड़ी में उत्तराखंड की जनता अपने नेपाली भाई-बहनों के साथ पूरी संवेदनशीलता और आत्मीयता से खड़ी है। उन्होंने आपदा के दौरान राहत और बचाव कार्यों में जुटे सुरक्षाकर्मियों, स्वयंसेवकों और स्थानीय नागरिकों के प्रयासों को सराहनीय बताया। राज्य सरकार स्थिति पर नजर बनाए हुए है और आवश्यकता पड़ने पर हरसंभव सहयोग के लिए तैयार है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.