नेपाल में बाढ़ के बीच यूपी सरकार ने जारी किया हेल्पलाइन नंबर 1070, फंसे लोगों की होगी मदद

HIGHLIGHTS
- नेपाल में बाढ़ और प्राकृतिक आपदा के बाद यूपी सरकार ने कदम उठाया।
- फंसे नागरिकों के परिजन हेल्पलाइन नंबर 1070 पर संपर्क कर सकते हैं।
- राहत आयुक्त कार्यालय ने भारतीय और नेपाल दूतावासों से संपर्क किया है।
लखनऊ। नेपाल में आई भीषण बाढ़ और प्राकृतिक आपदा के बीच उत्तर प्रदेश सरकार ने वहां फंसे प्रदेश के नागरिकों की सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर 1070 जारी किया है। उत्तर प्रदेश राहत आयुक्त कार्यालय के अनुसार, अगर कोई यूपी का नागरिक नेपाल में फंसा है या उसे किसी तरह की मदद की जरूरत है, तो उसके परिजन तुरंत 1070 पर संपर्क कर सकते हैं। प्रदेश सरकार ने नागरिकों की सुरक्षित वापसी और उन्हें तत्काल सहायता दिलाने के लिए दूतावास स्तर पर भी संपर्क शुरू किया है।
मुख्यमंत्री के निर्देश पर राहत आयुक्त कार्यालय ने भारतीय और नेपाल दूतावासों से संपर्क किया है। दोनों दूतावासों से कहा गया है कि नेपाल में फंसे उत्तर प्रदेश के नागरिकों की जानकारी मिलने पर उसे तत्काल यूपी के राहत आयुक्त कार्यालय के साथ साझा किया जाए। इससे संबंधित लोगों तक जल्द से जल्द जरूरी सहायता पहुंचाई जा सकेगी। सरकार ने लोगों से अपील की है कि नेपाल में फंसे अपने परिजनों की जानकारी बिना देरी किए हेल्पलाइन नंबर 1070 पर दें।
सीमावर्ती जिलों में बढ़ाई गई सतर्कता
नेपाल के रसुवा क्षेत्र में भोटेकोशी नदी में आई भीषण बाढ़ को देखते हुए उत्तर प्रदेश के सीमावर्ती जिलों महाराजगंज और कुशीनगर में सतर्कता बढ़ा दी गई है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नेपाल में हुई क्षति को चिंताजनक बताते हुए दोनों जिलों के प्रशासन को जरूरी तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही गंडक और नारायणी नदियों के जलस्तर पर लगातार नजर रखने को कहा गया है।
मुख्यमंत्री ने सभी के सकुशल रहने की प्रार्थना की है। राहत आयुक्त डॉ. हृषिकेश भास्कर यशोद ने बताया कि फिलहाल इसे लेकर उत्तर प्रदेश में कोई खतरा नहीं है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.