ED कार्रवाई के खिलाफ छत्तीसगढ़ कांग्रेस का प्रदर्शन, भूपेश बघेल बोले- सरकार बदलने वाली है

HIGHLIGHTS
- रामगोपाल अग्रवाल की ईडी गिरफ्तारी के विरोध में कांग्रेस ने ईडी कार्यालय के बाहर धरना दिया।
- भूपेश बघेल ने ईडी पर केंद्र सरकार के इशारे पर कार्रवाई करने का आरोप लगाया।
- बघेल ने कांग्रेस सरकार बनने पर बीजेपी नेताओं के घोटालों की जांच कराने की बात कही।
छत्तीसगढ़ कांग्रेस ने केंद्रीय जांच एजेंसियों की कार्रवाई को लेकर बीजेपी सरकार पर निशाना साधा है। कांग्रेस ने राज्य सरकार पर भी कई आरोप लगाए हैं। कांग्रेस नेता और पार्टी के पूर्व कोषाध्यक्ष रामगोपाल अग्रवाल की ईडी द्वारा गिरफ्तारी के विरोध में ईडी कार्यालय के सामने धरना देकर विरोध जताया गया।
साय सरकार पर निशाना साधते हुए प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि केंद्र सरकार के इशारे पर ईडी कांग्रेस नेताओं के खिलाफ कार्रवाई कर रही है। उन्होंने ईडी को चेतावनी देते हुए कहा कि बीजेपी की चाटुकारिता करने वाली ईडी संभल जाए, सरकार बदलने वाली है। राज्य में कांग्रेस की सरकार आई तो बीजेपी नेताओं के घोटालों की जांच कराई जाएगी।
उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में वसूली और भ्रष्टाचार की सरकार चल रही है। कौन नेता और मंत्री कहां वसूली कर रहा है, यह किसी से छिपा नहीं है। गर्लफ्रेंड के लिए किसने तीन करोड़ का मकान बनवाया? कौन नया रायपुर के मेफेयर में बैठकर वसूली कर रहा था? राज्य में कांग्रेस की सरकार बनने पर बीजेपी नेताओं के भ्रष्टाचार की जांच कराई जाएगी। सबका हिसाब लिया जाएगा। जो खुद गले तक भ्रष्ट हैं, वे दूसरों को झूठे आरोप में फंसा रहे हैं।
ये पब्लिक है सब जानती है: श्रीकुमार मेनन
कांग्रेस नेता रामगोपाल अग्रवाल पर कार्रवाई को लेकर विरोध जताते हुए रायपुर शहर कांग्रेस अध्यक्ष श्री शंकर कुमार मेनन ने राज्य और केंद्र की भाजपा सरकार पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि सरकार विद्वेषपूर्ण राजनीति कर रही है। बीजेपी सरकार पिछले 12 साल में घोटाले के आरोपों को साबित नहीं कर पाई है।
उन्होंने कहा कि जब केंद्र में मनमोहन सिंह की सरकार थी, तब 2G, 3G, 4G स्पेक्ट्रम और कॉमनवेल्थ गेम्स के घोटाले को लेकर बीजेपी ने आरोप लगाए थे। झूठ के बल पर मनमोहन सिंह सरकार को गिराया गया था। बीजेपी एक सच्चाई साबित नहीं कर पाई।
उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष के नेताओं को परेशान किया जा रहा है। चाहे बंगाल में ममता बनर्जी हों, झारखंड में हेमंत सोरेन, दिल्ली में केजरीवाल या तमिलनाडु में स्टालिन। हर उस नेता को परेशान किया जा रहा है जो विपक्ष में रहकर सरकार को घेरने का काम कर रहे हैं। ऐसे लोगों को बदनाम करने के बाद भी कोर्ट में कोई मामला साबित नहीं होता है।
उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ कांग्रेस नेता रामगोपाल अग्रवाल के खिलाफ मामला बनाया गया। इससे पहले भी कई नेताओं को आरोपी बनाया गया था। सभी को जमानत मिल चुकी है। जेन जी के आगे सरकार पूरी तरह से झुक गई है। ऐसे मामलों से ध्यान भटकाने के लिए बीजेपी यह सब कर रही है, लेकिन कोर्ट में मामला ठहरने वाला नहीं है। ये पब्लिक है, सब जानती है।
बदले की राजनीति करना कांग्रेस की पुरानी आदत: विजयशंकर मिश्रा
बीजेपी प्रदेश प्रवक्ता डॉ. विजयशंकर मिश्रा ने मामले में पलटवार करते हुए कहा कि कांग्रेस का प्रदर्शन पूरी तरह से सुपर फ्लॉप रहा। भ्रष्टाचार के दलदल में गहराई तक धंसी कांग्रेस का यह प्रदर्शन प्रदेश की जनता के सामने उनकी अंदरूनी खींचतान और गुटबाजी की पोल खोलने के लिए काफी है।
उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की जनता कांग्रेस के दोहरे चरित्र और उनके नेताओं के घोटालों को अच्छे से समझ चुकी है। ईडी और संवैधानिक एजेंसियां जब प्रदेश का खजाना लूटने वालों पर कार्रवाई कर रही हैं, तो कांग्रेस बौखलाहट में नाटक कर रही है, लेकिन जनता सब कुछ जानती है। बदले की राजनीति करना कांग्रेस की पुरानी आदत है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.