भाजपा ने नई प्रदेश टीम का किया ऐलान, अनस साजिद उस्मानी को अल्पसंख्यक मोर्चे की मिली कमान

HIGHLIGHTS
- भाजपा ने बृहस्पतिवार को विभिन्न मोर्चों की नई प्रदेश टीमों की घोषणा की।
- किसान, महिला, पिछड़ा वर्ग और अनुसूचित मोर्चा की नई टीम बनाई गई है।
- अनस साजिद उस्मानी को अल्पसंख्यक मोर्चा का प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया है।
यूपी: लंबे समय से चल रहे मंथन और संगठनात्मक तैयारियों के बाद प्रदेश भाजपा ने बृहस्पतिवार को विभिन्न मोर्चों की नई प्रदेश टीमों की घोषणा कर दी। इनमें किसान मोर्चा, महिला मोर्चा, पिछड़ा वर्ग मोर्चा और अनुसूचित मोर्चा शामिल हैं। वहीं, प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने अनस साजिद उस्मानी को अल्पसंख्यक मोर्चा का प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया है। इसके साथ ही महिला, पिछड़ा वर्ग और अनुसूचित मोर्चा के क्षेत्रीय अध्यक्षों के नाम भी घोषित कर दिए गए हैं।
नई टीमों में अलग-अलग जातियों के कार्यकर्ताओं को जगह दी गई है। पार्टी ने जातीय समीकरण के साथ क्षेत्रीय संतुलन का भी ध्यान रखा है। असंतुष्ट चल रहे पूर्व सांसद कौशल किशोर के बेटे विकास किशोर को अनुसूचित मोर्चा में उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं, एमएलसी रामचंद्र प्रधान को पिछड़ा वर्ग मोर्चा में उपाध्यक्ष बनाया गया है।
बता दें कि इन मोर्चों के प्रदेश अध्यक्षों की घोषणा पहले ही हो चुकी थी, लेकिन आपसी खींचतान के कारण नई टीमों का गठन लंबे समय से अटका हुआ था। कुंवर बासित अली को अल्पसंख्यक मोर्चा का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाए जाने के बाद प्रदेश में खाली चल रहे अल्पसंख्यक मोर्चा के अध्यक्ष पद पर अनस साजिद उस्मानी की नियुक्ति की गई है। वह इससे पहले प्रदेश मोर्चा में प्रदेश मंत्री की जिम्मेदारी संभाल रहे थे।
कानपुर निवासी अनस साजिद उस्मानी, भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष तनवीर हैदर उस्मानी के पुत्र हैं।
सभी मोर्चों की नई टीमों में प्रदेश उपाध्यक्ष, महामंत्री और मंत्री के अलावा कोषाध्यक्ष, सह-कोषाध्यक्ष, मीडिया संयोजक व सह-संयोजक, कार्यालय मंत्री व सह-मंत्री तथा शोध विभाग के प्रमुख और सह-प्रमुख भी नियुक्त किए गए हैं।
जातीय समीकरण पर खास फोकस
मोर्चों की नई टीम में सवर्ण, पिछड़े और दलित समाज से आने वाली विभिन्न जातियों को प्रतिनिधित्व दिया गया है। खासतौर पर पिछड़ा वर्ग, महिला और किसान मोर्चा में जातीय समीकरण को ध्यान में रखने की कोशिश की गई है।
नई टीम में बिंद, निषाद, जाट, लोध, मौर्य, शाक्य, गुर्जर, वैश्य, कुशवाहा, विश्वकर्मा, राजभर, सैनी, पाल समेत दलित समाज की कई जातियों को जगह दी गई है।
किसान मोर्चा में 12 उपाध्यक्ष
किसान मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष की ओर से जारी टीम की सूची में 12 उपाध्यक्ष, 4 महामंत्री और 12 मंत्री बनाए गए हैं। वहीं, अनुसूचित मोर्चा के अध्यक्ष अशोक रावत की टीम में जाटव, पासी, कोरी समेत दलित समाज की विभिन्न जातियों को प्रतिनिधित्व दिया गया है। इस टीम में भी 12 उपाध्यक्ष, 4 महामंत्री और 12 मंत्री नियुक्त किए गए हैं।
महिला मोर्चा की अध्यक्ष सरोज कुशवाहा की टीम में 12 उपाध्यक्ष, 2 महामंत्री और 11 मंत्री शामिल हैं। पिछड़ा वर्ग मोर्चा में भी 12 उपाध्यक्ष, 4 महामंत्री और 12 मंत्री बनाए गए हैं।
ये बने मोर्चों के क्षेत्रीय अध्यक्ष
पिछड़ा वर्ग मोर्चा:
अवध- नीरज कटियार, काशी- इंद्रभूषण मौर्या, गोरखपुर- रवि प्रकाश चौहान उर्फ मोहन चौहान, कानपुर- मनोज राजपूत, बृज- नवीन प्रजापति, पश्चिम- सुनील भाटी।
अनुसूचित मोर्चा:
अवध- अरूण रावत, काशी- शैलेश राम, गोरखपुर- विजय सोनकर, कानपुर- सलिल श्रीवास, बृज- विशाल वाल्मीकी, पश्चिम- अखिल कुमार।
महिला मोर्चा:
अवध- डॉ. श्वेता सिंह, काशी- सुनीता राजेश सिंह, गोरखपुर- संध्या त्रिपाठी, कानपुर- मोना शुक्ला, बृज- चंद्रेश गुप्ता, पश्चिम- अचला सिंह जाट।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.