लखनऊ में दिनदहाड़े लूट: महिला को बंधक बनाकर बदमाशों ने लाखों के जेवर लूटे

HIGHLIGHTS
- लखनऊ के पीजीआई क्षेत्र में बदमाशों ने घर में घुसकर महिला से मारपीट कर लाखों के जेवर और नकदी लूट ली।
- हमले में महिला घायल हुई, पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
- सीसीटीवी फुटेज के जरिए बदमाशों की तलाश की जा रही है।
लखनऊ। राजधानी में अपराधियों के हौसले बुलंद नजर आ रहे हैं। बदमाश अब दिनदहाड़े भी लूट जैसी वारदातों को अंजाम देने से नहीं डर रहे हैं। पीजीआई थाना क्षेत्र में बड़ी लूट की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर बदमाशों की तलाश में जुटी है।
पीजीआई थाना क्षेत्र के वृंदावन सेक्टर-1बी में बुधवार दोपहर करीब 2:30 बजे नकाबपोश बदमाशों ने एक घर में घुसकर महिला को बंधक बना लिया। बदमाशों ने महिला के साथ मारपीट की, उसका गला दबाया, सिर को कई बार दीवार और शीशे से टकराया तथा तकिए से मुंह दबाकर जान लेने का प्रयास किया। लोहे के हथियार से भी हमला किया गया। महिला के बेहोश होने के बाद बदमाश करीब 15 लाख रुपये के जेवर, 20 हजार रुपये नकद और कीमती कपड़े लेकर फरार हो गए।
घायल ज्योति मिश्रा का इलाज ओपी चौधरी अस्पताल में चल रहा है। उन्होंने बताया कि घटना के समय वह कमरे में आराम कर रही थीं। तभी उन्हें सास-ससुर के कमरे की ओर से कुछ आवाज सुनाई दी। जब वह वहां पहुंचीं तो दो नकाबपोश बदमाश दिखाई दिए। दोनों ने चेहरे पर गमछा बांध रखा था और काला चश्मा लगाया हुआ था। विरोध करने पर बदमाशों ने उन पर हमला कर दिया।
काफी देर तक बदमाशों से भिड़ती रहीं महिला
ज्योति ने बताया कि उन्होंने काफी देर तक बदमाशों का सामना किया और अलमारी में रखे जेवर बचाने की कोशिश की। बदमाश उन्हें लगातार धक्का देकर गिराते रहे, लेकिन उन्होंने विरोध जारी रखा। इसी दौरान बदमाशों ने उनकी गर्दन दबाई, सिर को दीवार और शीशे से टकराया और बेरहमी से मारपीट की।
बेहोश होने के बाद बदमाशों ने की लूट
विरोध जारी रहने पर एक बदमाश ने ज्योति के चेहरे पर तकिया रखकर दबा दिया। दम घुटने और गंभीर चोटों के कारण वह बेहोश हो गईं। इसके बाद बदमाशों ने घर में रखी अलमारी खंगाली और महिला व उनकी सास के करीब 15 लाख रुपये के जेवर, 20 हजार रुपये नकद और कीमती कपड़े लेकर चले गए।
बदमाश घर से एलईडी टीवी भी बाहर तक ले आए थे, लेकिन किसी के आने की आशंका के चलते उसे दरवाजे के बाहर छोड़कर फरार हो गए। घर में रखी लाइसेंसी बंदूक को बदमाशों ने हाथ तक नहीं लगाया।
घटना के समय ज्योति के पति आशीष कुमार मिश्रा किसी काम से बाहर गए हुए थे, जबकि उनके ससुर लक्ष्मीकांत मिश्रा डेंटल कॉलेज में ड्यूटी पर थे। आशीष ने बताया कि दोपहर करीब 1:30 बजे उनकी पत्नी से फोन पर बात हुई थी और सब कुछ सामान्य था। करीब ढाई बजे दोबारा फोन करने पर कॉल रिसीव नहीं हुई। उन्हें लगा कि पत्नी सो गई होंगी। शाम करीब चार बजे बहन आकांक्षा के फोन से उन्हें घटना की जानकारी मिली।
घर के बाहर मिली एलईडी टीवी
आकांक्षा ने बताया कि वह शाम करीब चार बजे घर पहुंचीं तो मुख्य दरवाजे के बाहर एलईडी टीवी रखी हुई थी। पहले उन्हें लगा कि कोई मैकेनिक टीवी ठीक करने आया होगा। घर के अंदर जाने पर सामान बिखरा हुआ मिला। ज्योति फर्श पर बेसुध पड़ी थीं। उनके चेहरे पर तकिया रखा था और गले में दुपट्टा कसा हुआ था।
आकांक्षा ने तुरंत परिवार के लोगों को सूचना दी। इसके बाद लक्ष्मीकांत मिश्रा और आशीष मौके पर पहुंचे और ज्योति को ओपी चौधरी अस्पताल में भर्ती कराया। इलाज के दौरान उन्हें होश आया।
दिनदहाड़े हुई इस घटना से इलाके में दहशत का माहौल है। सूचना मिलने के बाद पीजीआई पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बदमाशों की पहचान करने और उनकी तलाश में जुटी है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.