सपा-कांग्रेस गठबंधन पर खरगे का बड़ा बयान, बोले- अहंकार छोड़ें नेता, मिलकर लड़ें चुनाव

HIGHLIGHTS
- कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने सपा-कांग्रेस गठबंधन बरकरार रहने की बात कही।
- खरगे ने दोनों दलों के नेताओं को अहंकार की भाषा से बचने की नसीहत दी।
- उन्होंने कहा कि भाजपा को हटाने के लिए सभी को मिलकर चुनाव लड़ना होगा।
लखनऊ। प्रदेश में विधानसभा चुनाव से पहले समाजवादी पार्टी (सपा) और कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे को लेकर जारी खींचतान और बयानबाजी के बीच कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने गठबंधन को लेकर स्थिति स्पष्ट की है। उन्होंने कहा कि दोनों दलों का गठबंधन बरकरार रहेगा। साथ ही नेताओं को नसीहत दी कि वे अहंकार की भाषा से बचें और ऐसा कोई बयान न दें, जिससे गठबंधन प्रभावित हो।
संविधान रक्षा मार्च में शामिल होने लखनऊ पहुंचे खरगे प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि जीत हासिल करने के लिए सभी को मिलकर संघर्ष करना होगा। उन्होंने कहा, जब तक हम जीत नहीं जाते, तब तक रास्ते में आने वाली कठिनाइयों का सामना करते रहेंगे। हमें जीत सुनिश्चित करनी है, एकजुट होकर लड़ना है और आगे बढ़ना है। किसी को भी अहंकार की बात नहीं करनी चाहिए, चाहे वह कोई भी हो। हमारी पार्टी और दूसरी पार्टी, जिसके साथ हमारा गठबंधन है, गठबंधन बरकरार रहेगा।
खरगे ने कहा कि किसी को अहंकार नहीं दिखाना चाहिए, क्योंकि लक्ष्य भाजपा को हटाना है। उन्होंने कहा कि मोदी और योगी की सरकार को हटाना है। जब तक मोदी-योगी सत्ता में हैं, तब तक यहां ऐसे लोगों की कमाई होगी, जो केवल अपनी चलाते हैं। इसलिए गठबंधन को मजबूत करें और सरकार बनाकर लाएं। कांग्रेस अध्यक्ष ने यह भी कहा कि आपसी विवाद चुनाव में जीत की राह में बाधा बन सकते हैं, इसलिए नेताओं को आपस में नहीं उलझना चाहिए।
इमरान मसूद की तारीफ में क्या बोले खरगे?
अपने संबोधन की शुरुआत में खरगे ने कहा कि वह सांसद इमरान मसूद को सुनते रहते हैं और वह काफी जोश के साथ अपनी बात रखते हैं। उन्होंने कहा कि केवल बातें करने से काम नहीं चलेगा, बल्कि काम भी करना होगा। मसूद पार्टी के लिए संघर्ष करते हैं।
गौरतलब है कि गठबंधन में सीटों के बंटवारे को लेकर बातचीत के बीच सपा ने पांच प्रत्याशियों के नाम घोषित कर दिए थे। इसके बाद कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष और सांसद इमरान मसूद सपा पर लगातार हमलावर हैं। उनके बयानों पर सपा सांसद इकरा हसन ने भी कड़ा जवाब दिया है।
इस कार्यक्रम में प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा, प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम, राज्यसभा सांसद प्रमोद तिवारी, सांसद इमरान मसूद, तनुज पुनिया, किशोरी लाल शर्मा, उज्ज्वल रमण सिंह, विधायक दल के नेता वीरेंद्र चौधरी, अनिल जयहिंद, पूर्व सांसद पीएल पुनिया, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अजय राय, अजय सिंह लल्लू और सुप्रिया श्रीनेत समेत अन्य नेता मौजूद रहे।
हम कबाड़ सीटें नहीं लेंगे: इमरान मसूद
इससे पहले सुबह कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने सपा-कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे को लेकर मीडिया से बातचीत की थी। उन्होंने कहा था कि कांग्रेस कबाड़ सीटें स्वीकार नहीं करेगी। मसूद ने स्पष्ट कहा कि अगर उन्हें ऐसी सीटें दी जाएंगी, तो वे उन पर चुनाव नहीं लड़ेंगे। सपा चाहे तो उन सीटों पर खुद चुनाव लड़ सकती है। कांग्रेस उन्हीं सीटों पर चुनाव लड़ेगी, जहां वह नतीजे दे सकती है।
एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि जब अखिलेश यादव मुख्यमंत्री थे, तब भी कांग्रेस ने 107 सीटों पर चुनाव लड़ा था। अब तो उनकी सरकार बननी है, इसलिए इससे कम सीटों का कोई मतलब नहीं है।
बिना अनुमति संविधान रक्षा मार्च निकालने पर कांग्रेसी हिरासत में
जिला प्रशासन ने कांग्रेस को संविधान रक्षा मार्च निकालने की अनुमति नहीं दी थी। इसके बावजूद पार्टी कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम के बाद प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा और प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने मार्च शुरू कर दिया।
पार्टी कार्यालय से करीब 100 मीटर आगे बढ़ने पर पुलिस ने बैरिकेडिंग कर मार्च को रोक दिया। इस दौरान कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच काफी देर तक धक्का-मुक्की हुई। इसके बाद पुलिस ने वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेकर ईको गार्डन भेज दिया।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.


























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.