लखनऊ में संविधान रक्षा मार्च को लेकर कांग्रेस और पुलिस में टकराव, कई नेता हिरासत में

HIGHLIGHTS
- लखनऊ जिला प्रशासन ने कांग्रेस को संविधान रक्षा मार्च निकालने की अनुमति नहीं दी थी।
- इसके बावजूद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पार्टी मुख्यालय से मार्च निकाला।
- कार्यकर्ता हाथों में तिरंगा लेकर नारे लगाते हुए आगे बढ़े।
लखनऊ। कांग्रेस की ओर से संविधान रक्षा मार्च निकालने की अनुमति जिला प्रशासन ने नहीं दी थी। इसके बावजूद पार्टी कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम के बाद पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की भीड़ ने कांग्रेस मुख्यालय से मार्च शुरू कर दिया। कार्यकर्ता हाथों में तिरंगा लेकर आगे बढ़ रहे थे, जबकि उनके पीछे युवा और अन्य कार्यकर्ता नारे लगाते हुए चल रहे थे।
कांग्रेस मुख्यालय से आगे मुख्य मार्ग की ओर बढ़ने पर सुन्नी वक्फ बोर्ड कार्यालय से पहले ही पुलिस ने कई स्तरों पर बैरिकेडिंग कर रखी थी। प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा मोना और प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने आगे जाने की कोशिश की। इस दौरान पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच तीखी नोकझोंक हुई। आगे बढ़ने को लेकर काफी देर तक धक्कामुक्की भी होती रही।
बैरिकेडिंग पर चढ़े कार्यकर्ता, पुलिस ने नीचे उतारा
कुछ कार्यकर्ता बैरिकेडिंग पर चढ़ गए, जिन्हें पुलिसकर्मियों ने धक्का देकर नीचे उतार दिया। इससे नाराज वरिष्ठ कांग्रेस नेता वहीं धरने पर बैठ गए। काफी देर तक पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच जोर आजमाइश चलती रही। इसके बाद पुलिस ने वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया और बस से ईको गार्डेन भेज दिया।
ईको गार्डेन पहुंचने के बाद भी नेताओं ने धरना दिया। उन्होंने कहा कि संविधान और लोकतंत्र की रक्षा की आवाज को गिरफ्तारियों के जरिए दबाया नहीं जा सकता।
नेताओं ने उठाए सवाल
कांग्रेस नेताओं ने सवाल किया कि संविधान की रक्षा के लिए मार्च निकालना किस कानून के तहत अपराध है? क्या अब उत्तर प्रदेश में संविधान का नाम लेना भी गुनाह हो गया है?
इस प्रदर्शन में उत्तर प्रदेश के सहप्रभारी अब्दुल हन्नान, कुनाल चौधरी, वरुण चौधरी, संजीव आर्य, जगदीश चंद्र जांगीड़, प्रदेश युवा कांग्रेस अध्यक्ष पारस शुक्ला, प्रदेश उपाध्यक्ष अयान खान, डॉ. राजकुमार मौर्य, राघवेंद्र चौबे, एआईसीसी सचिव द्विजेंद्र त्रिपाठी और वीरेंद्र मदान सहित अन्य लोग शामिल रहे।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.