हरीश रावत ने शुरू की धन्यवाद जनसंवाद यात्रा, समर्थकों के साथ कुमाऊं में दिखे

HIGHLIGHTS
- हरीश रावत ने सोमवार को जसपुर से यात्रा की शुरुआत की।
- यात्रा काशीपुर, रामनगर और कालाढूंगी होते हुए हल्द्वानी पहुंची।
- प्रीतम सिंह, तिलक राज बेहड़ और हरीश धामी समेत कई नेता साथ रहे।
उत्तराखंड कांग्रेस प्रभारी कुमारी सैलजा की चिट्ठी के बीच पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने कुमाऊं से अपने समर्थकों के साथ धन्यवाद जनसंवाद यात्रा शुरू कर दी। यात्रा के दौरान उनके साथ उनके समर्थक और अपने नेता मजबूती से खड़े नजर आए। हालांकि, हरीश रावत ने पूरी यात्रा के दौरान प्रदेश प्रभारी की चिट्ठी पर कोई टिप्पणी नहीं की।
सोमवार को हरीश रावत ने जसपुर से धन्यवाद जनसंवाद यात्रा की शुरुआत की। उनके साथ विधायक प्रीतम सिंह, तिलक राज बेहड़, हरीश धामी, मनोज तिवारी, आदेश चौहान, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गोविंद सिंह कुंजवाल, पूर्व विधायक ललित फर्स्वाण, हिमेश खर्कवाल और पूर्व सांसद प्रदीप टम्टा समेत कई वरिष्ठ नेता व समर्थक मौजूद रहे।
प्रदेश प्रभारी की चिट्ठी का हरीश रावत की यात्रा पर कोई असर नजर नहीं आया। उनके समर्थक नेताओं ने भी चिट्ठी की परवाह किए बिना यात्रा में उनका साथ दिया। वहीं, कई विधायकों, पूर्व विधायकों और अन्य नेताओं की मौजूदगी से कांग्रेस के भीतर सियासी हलचल तेज हो गई है।
हरीश रावत की यात्रा जसपुर से शुरू होकर काशीपुर, रामनगर और कालाढूंगी होते हुए देर रात हल्द्वानी पहुंची। रास्ते में कई जगह पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने फूलों और आतिशबाजी के साथ उनका स्वागत किया।
प्रदेश प्रभारी की चिट्ठी पर नहीं दी कोई प्रतिक्रिया
यात्रा के दौरान मीडिया के सवालों के बावजूद हरीश रावत ने प्रदेश प्रभारी की चिट्ठी को लेकर कोई टिप्पणी नहीं की। उन्होंने पार्टी में गुटबाजी और बगावत की बात को भी नहीं माना। हरीश रावत ने कहा कि यात्रा में उनके हाथ में तिरंगा जरूर है, लेकिन उन्होंने इसे पार्टी का कार्यक्रम नहीं बनाया है। हालांकि, पार्टी के लोग यात्रा में शामिल हो रहे हैं।
हरीश रावत ने बताया कि वह कई दिनों तक मेदांता हॉस्पिटल के आईसीयू में रहे। लोगों और देवी-देवताओं के आशीर्वाद से गंभीर बीमारी से उबरकर वह उत्तराखंड वापस आए हैं। लोगों का धन्यवाद और कृतज्ञता व्यक्त करने के लिए वह यात्रा पर निकले हैं।
उन्होंने कहा कि ईडी और भाजपा ने उनके आत्म स्वाभिमान को कुरेदा है और उन्हें इससे भी लड़ना है। कुमाऊं की यात्रा पूरी करने के बाद हरीश रावत मंगलवार को देहरादून लौटेंगे। इसके बाद सात अक्तूबर को दिल्ली जाकर राष्ट्रीय महासचिव केसी वेणुगोपाल और प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा से मुलाकात करेंगे।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.