नर्सरी की छात्रा ने सड़क के गड्ढों की उठाई आवाज, वीडियो वायरल होते ही डीएम ने लिया संज्ञान

HIGHLIGHTS
- चार वर्षीय आयशा राज बाराबंकी के आनंद भवन विद्यालय में नर्सरी की छात्रा है।
- मोहल्ले की सड़क पर जगह-जगह गड्ढे और बारिश का पानी जमा रहता है।
- सड़क की समस्या के कारण बच्चों और स्थानीय लोगों को परेशानी होती थी।
बाराबंकी। राजधानी लखनऊ के बाद अब पड़ोसी जिले बाराबंकी में जेन अल्फा की आवाज का असर देखने को मिला। नर्सरी की एक छात्रा ने सड़क पर बने गड्ढों और जलभराव की समस्या को लेकर आवाज उठाई। उसका वीडियो इंटरनेट पर वायरल होने के बाद जिलाधिकारी ने मामले का संज्ञान लिया।
जर्जर सड़क को लेकर नर्सरी की छात्रा का वीडियो प्रसारित हुआ था। जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह ने इसका संज्ञान लेते हुए एसडीएम सदर एवं संयुक्त मजिस्ट्रेट गुंजिता अग्रवाल को मौके पर भेजा। जांच में छात्रा की बताई समस्या सही पाई गई।
डीएम के निर्देश पर नगर पालिका ईओ संजय शुक्ला ने बुधवार को सड़क की मरम्मत का काम शुरू करा दिया। जिलाधिकारी ने बुधवार दोपहर बाद छात्रा को कलेक्ट्रेट स्थित अपने कार्यालय में बुलाकर उससे बातचीत की और उसे बिस्किट देकर दुलार किया।
नवीगंज निवासी राज मोहम्मद रोलिंग शटर का काम करते हैं। उनकी चार वर्षीय बेटी आयशा राज शहर के देवा रोड स्थित आनंद भवन विद्यालय में नर्सरी की छात्रा है। मोहल्ले की सड़क जर्जर और गड्ढों से भरी होने के कारण बारिश के दौरान यहां पानी भर जाता है। इससे स्थानीय लोगों के साथ बच्चों को भी स्कूल आने-जाने में परेशानी होती है।
मंगलवार को एक युवक ने आयशा राज का मुख्यमंत्री को संबोधित वीडियो बनाया था। वीडियो में आयशा कहती नजर आईं, ‘सीएम अंकल हमारे घर की रोड बनवा दीजिए, हम डूब गए थे, पानी भर जाता है।’
एसडीएम ने बताया कि छात्रा के वीडियो का संज्ञान लेकर मौके पर जाकर स्थिति देखी गई, जहां समस्या सही पाई गई। सड़क की मरम्मत नगर पालिका की ओर से कराई जा रही है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.