केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी की तबीयत बिगड़ी, दिल्ली AIIMS में भर्ती

HIGHLIGHTS
- रात करीब नौ बजे उन्हें आईसीयू में स्थानांतरित किया गया।
- डॉक्टरों की टीम उनकी स्थिति पर नजर रख रही है।
- अस्पताल के सूत्रों ने डेंगू की आशंका जताई है।
केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी को रविवार शाम सांस लेने में परेशानी और बुखार की शिकायत के बाद दिल्ली के अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में भर्ती कराया गया। सूत्रों ने यह जानकारी दी। सूत्रों के मुताबिक, सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (एमएसएमई) मंत्री मांझी को शाम करीब पांच बजे एम्स के आपातकालीन विभाग में लाया गया। रात करीब नौ बजे उन्हें आईसीयू में स्थानांतरित कर दिया गया।
सूत्रों ने बताया कि डॉक्टरों की टीम उनकी स्थिति पर लगातार नजर रख रही है और जरूरी चिकित्सकीय जांच कर रही है। अस्पताल के सूत्रों के अनुसार, मांझी को डेंगू होने की आशंका है। हालांकि, एम्स की ओर से अभी तक उनकी स्वास्थ्य स्थिति को लेकर कोई जानकारी साझा नहीं की गई है।
कब बिगड़ी थी जीतन राम मांझी की तबीयत?
जीतन राम मांझी की तबीयत 3 सितंबर को अचानक बिगड़ गई थी। इसके बाद वह व्हील चेयर से पटना से दिल्ली के लिए रवाना हुए थे। हालांकि, उस समय उनके निजी सहायक ने स्पष्ट किया था कि केंद्रीय मंत्री की हालत गंभीर नहीं है। वायरल फीवर के बाद उनके शरीर में कमजोरी थी, जिसके कारण उन्हें चलने में परेशानी हो रही थी।
वायरल फीवर के बाद आई कमजोरी
निजी सहायक के अनुसार, जीतन राम मांझी की तबीयत करीब तीन दिन पहले अचानक खराब हुई थी। उन्हें वायरल फीवर हुआ था और पटना में उनका इलाज चल रहा था। इलाज के बाद उनकी स्थिति में काफी सुधार हुआ था और वह स्वस्थ थे।
उन्होंने बताया था कि बुखार के बाद मांझी के शरीर में कमजोरी रह गई थी। इसी वजह से उन्हें चलने में परेशानी हो रही थी। यात्रा के दौरान दिक्कत न हो, इसलिए उनके लिए व्हील चेयर की व्यवस्था की गई थी।
परिवार के साथ दिल्ली आए थे मांझी
जीतन राम मांझी 3 सितंबर को अपने पूरे परिवार के साथ पटना से दिल्ली के लिए रवाना हुए थे। उनके निजी सहायक ने बताया था कि दिल्ली में उनकी एक महत्वपूर्ण बैठक तय थी, जिसमें उनका शामिल होना जरूरी था। इसी वजह से स्वास्थ्य में सुधार के बाद वह दिल्ली के लिए रवाना हुए थे।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.