मध्य प्रदेश के सागर में जहरीली शराब का कहर, 11 लोगों की मौत; 20 पर FIR, 10 गिरफ्तार

HIGHLIGHTS
- घटना बंडा और शाहगढ़ तहसील क्षेत्र के कई गांवों में सामने आई।
- प्रभावित लोगों को बंडा अस्पताल, बीएमसी सागर और जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
- एक गंभीर मरीज को एयर एंबुलेंस से भोपाल भेजा गया।
मध्य प्रदेश के सागर जिले के बंडा और शाहगढ़ तहसील क्षेत्रों में संदिग्ध नकली और अवैध शराब के सेवन से बड़ी त्रासदी सामने आई है। प्रारंभिक तौर पर अब तक 11 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि कई अन्य लोगों का अलग-अलग अस्पतालों में इलाज चल रहा है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस और जिला प्रशासन ने कार्रवाई तेज कर दी है। पुलिस ने 20 आरोपियों के खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज की है, जिनमें से अब तक 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
गंभीर मरीज को एयर एंबुलेंस से भोपाल भेजा गया
घटना बंडा और शाहगढ़ क्षेत्र के ग्राम नौराज, गूगरा खुर्द, दलपतपुर, पाटन, चौका, छापरी और बमूरा भेड़ा समेत आसपास के इलाकों में सामने आई है। संदिग्ध शराब का सेवन करने के बाद कई ग्रामीणों की अचानक तबीयत बिगड़ गई। इसके बाद उन्हें तत्काल उपचार के लिए बंडा अस्पताल, बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज (बीएमसी) सागर और जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
एक मरीज की हालत बेहद गंभीर होने पर उसे बेहतर इलाज के लिए एयर एंबुलेंस से भोपाल रेफर किया गया है। मौत की सही वजह का पता लगाने के लिए विसरा और शराब के नमूने फोरेंसिक एवं रासायनिक जांच के लिए भेजे गए हैं।
20 आरोपियों के खिलाफ नामजद FIR, 10 गिरफ्तार
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया के निर्देशन में विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया। इन टीमों ने अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी की। बंडा थाना में अपराध क्रमांक 0658/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 105, 3(5), 123 और मध्य प्रदेश आबकारी अधिनियम की धारा 49-ए के तहत 20 आरोपियों के खिलाफ नामजद मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस अब तक 10 नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है, जबकि बाकी आरोपियों की तलाश जारी है। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि संदिग्ध शराब कहां से लाई गई या तैयार की गई और इसे किन-किन इलाकों में सप्लाई किया गया।
आबकारी विभाग के तीन अधिकारी निलंबित
जहरीली शराब से हुई मौतों के बाद सरकार ने आबकारी विभाग के अधिकारियों के खिलाफ भी कार्रवाई की है। आबकारी आयुक्त ग्वालियर दीपक सक्सेना ने बताया कि सागर की सहायक आबकारी आयुक्त कीर्ति दुबे, जिला आबकारी अधिकारी दिलीप खंडाते और बंडा में पदस्थ आबकारी उप निरीक्षक रोशनी उरेते को निलंबित कर दिया गया है।
इसके अलावा गुगरा चौकी प्रभारी पूरण लाडिया और बंडा थाना प्रभारी राजेंद्र सिंह कुशवाहा को भी निलंबित किया गया है।
डिप्टी सीएम ने अस्पताल पहुंचकर की मुलाकात
उपमुख्यमंत्री और जिले के प्रभारी मंत्री राजेंद्र शुक्ला सागर पहुंचे। उन्होंने बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज और जिला अस्पताल में जहरीली शराब के सेवन के बाद उपचार करा रहे लोगों से मुलाकात की। उन्होंने अस्पताल में मौजूद डॉक्टरों को मरीजों के समुचित उपचार के निर्देश दिए।
मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि जहरीली शराब पीने से अब तक 11 लोगों की जान जा चुकी है, लेकिन मेडिकल अस्पताल और अन्य स्थानों पर इलाज करा रहे लोगों की स्थिति खतरे से बाहर है। उन्होंने कहा कि घटना की समीक्षा और निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कठोरतम कार्रवाई की जाएगी।
प्रभावित गांव
नौराज, गूगरा खुर्द, दलपतपुर, पाटन, चौका, छापरी और बमूरा भेड़ा सहित आसपास के क्षेत्रों में संदिग्ध शराब के सेवन के बाद लोगों की तबीयत बिगड़ने की जानकारी सामने आई है। प्रशासन ने प्रभावित इलाकों में निगरानी बढ़ा दी है।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे किसी भी तरह की अवैध या संदिग्ध शराब का सेवन न करें। साथ ही अवैध शराब के निर्माण या बिक्री की जानकारी तत्काल पुलिस को देने की अपील की गई है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.