राहुल गांधी पर भाजपा का हमला, गौरव भाटिया ने मीर जाफर से की तुलना

HIGHLIGHTS
- भाजपा प्रवक्ता गौरव भाटिया ने एक विदेशी अखबार की रिपोर्ट का हवाला देकर राहुल गांधी पर आरोप लगाए।
- भाटिया ने फॉक्स न्यूज डिजिटल की जांच का जिक्र करते हुए नौ देशों में कथित नेटवर्क सक्रिय होने का दावा किया।
- भाजपा नेता के मुताबिक, रिपोर्ट में कम्युनिस्ट और इस्लामी समूहों को क्रमशः ‘रेड’ और ‘ग्रीन’ से जोड़ा गया है।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर एक बार फिर निशाना साधा है। भाजपा प्रवक्ता गौरव भाटिया ने राहुल गांधी की तुलना मीर जाफर से करते हुए उन पर विश्वासघात का आरोप लगाया। प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान भाटिया ने एक विदेशी अखबार की रिपोर्ट का हवाला देते हुए दावा किया कि कथित तौर पर विश्वासघात से जुड़े तार विदेशी एजेंसियों से जुड़े हैं।
गौरव भाटिया ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी देश के सामने विश्वासघात का एक मॉडल पेश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि एक प्रतिष्ठित अखबार में प्रकाशित रिपोर्ट में इस तरह के कथित संबंधों का जिक्र किया गया है। भाटिया ने सवाल उठाया, ‘इस गद्दार का सरदार कौन?’ उन्होंने कहा कि यह बात वह गहरे दुख और पीड़ा के साथ कह रहे हैं।
राहुल गांधी पर भाजपा ने क्या आरोप लगाए?
भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि यह देश का दुर्भाग्य है कि विपक्ष के नेता गैर-जिम्मेदार और अपरिपक्व हैं। उन्होंने दावा किया कि उनके पास ऐसे सबूत हैं, जिनके आधार पर राहुल गांधी को देशद्रोही या मीर जाफर कहना गलत नहीं होगा।
भाटिया ने फॉक्स न्यूज डिजिटल की एक जांच का हवाला देते हुए कहा कि फ्रांस समेत कई देशों में कुछ संगठनों ने नौ देशों में ऐसा नेटवर्क तैयार किया है, जो निर्वाचित सरकारों को गिराने की कोशिश कर रहा है। उन्होंने इसे ‘रेड-ग्रीन इकोसिस्टम’ बताया।
भाजपा नेता के अनुसार, रिपोर्ट में ‘रेड’ का संबंध कम्युनिस्ट समूहों से और ‘ग्रीन’ का संबंध इस्लामी समूहों से बताया गया है। उन्होंने रिपोर्ट का हवाला देते हुए यह भी कहा कि वैश्विक स्तर पर अराजकता फैलाने वाले 101 समूह सक्रिय हैं।
निशिकांत दुबे ने राहुल गांधी को लेकर क्या कहा था?
इससे पहले भाजपा सांसद निशिकांत दुबे भी राहुल गांधी पर कई गंभीर आरोप लगा चुके हैं। एक प्रेस वार्ता में दुबे ने कहा था कि पिछले 10-15 दिनों से दिल्ली में ऐसा माहौल दिखाई दे रहा था, मानो वहां कोई नियम-कानून न हो।
उन्होंने आरोप लगाया था कि नेता प्रतिपक्ष कभी लंच या डिनर के लिए बाहर जाते हैं और फिर किसी अन्य स्थान पर धरने पर बैठ जाते हैं। दुबे ने यह भी कहा था कि कुछ ऐसे लोग राष्ट्रीय ध्वज लेकर विरोध स्थलों पर पहुंच रहे थे, जिन्होंने शायद अपनी पूरी जिंदगी में कभी तिरंगा नहीं फहराया हो।
भाजपा सांसद ने देशभर में विपक्ष के नेतृत्व में हो रहे विरोध प्रदर्शनों को देश को अस्थिर करने की कथित साजिश का हिस्सा बताया था। इस दौरान उन्होंने राहुल गांधी के अमेरिकी सांसदों इल्हान उमर और रो खन्ना के साथ कथित संबंधों पर भी सवाल उठाए थे। इसके अलावा, उन्होंने विदेशी फंडिंग, क्रिप्टोकरेंसी और ऑनलाइन जुए से जुड़े मुद्दों पर चिंता जताई थी।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.



























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.