पुरी जगन्नाथ मंदिर के भीतरी रत्न भंडार में आभूषणों की गणना फिर शुरू, दो दिन चलेगा काम

HIGHLIGHTS
- पुरी जगन्नाथ मंदिर के भीतरी रत्न भंडार में आभूषणों और कीमती वस्तुओं की गणना फिर शुरू हो गई है।
- राज्य सरकार की मंजूरी के बाद 26 और 27 नवंबर को दो दिनों तक यह प्रक्रिया चलेगी।
- न्यायमूर्ति विश्वनाथ रथ की अगुवाई में गठित विशेष टीम वस्तुओं की जांच और आकलन करेगी।
भुवनेश्वर। पुरी के जगन्नाथ मंदिर के भीतरी रत्न भंडार में रखे सोने के आभूषणों, बहुमूल्य रत्नों और अन्य कीमती वस्तुओं की गणना का काम बुधवार से दोबारा शुरू हो गया है।
कार्तिक महीने के दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ और भगवान जगन्नाथ के विशेष धार्मिक अनुष्ठानों के चलते इस प्रक्रिया को रोक दिया गया था।
राज्य सरकार से मंजूरी मिलने के बाद निर्धारित मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) के अनुसार 26 और 27 नवंबर को दो दिनों तक गणना की जाएगी।
न्यायमूर्ति विश्वनाथ रथ की अध्यक्षता में गठित विशेष टीम भीतरी रत्न भंडार में रखे आभूषणों और बहुमूल्य वस्तुओं की जांच कर उनका आकलन करेगी।
इस काम में आधुनिक तकनीक का सहारा लिया जाएगा। इसके लिए थ्री-डी मैपिंग के साथ वीडियोग्राफी और फोटोग्राफी की व्यवस्था की गई है।
पूरी प्रक्रिया का दस्तावेजीकरण भी किया जाएगा, जिससे प्रत्येक कीमती वस्तु का सटीक विवरण तैयार हो सके और उनके सुरक्षित संरक्षण को सुनिश्चित किया जा सके।
मार्च में शुरू हुई थी गणना की प्रक्रिया
रत्न भंडार में मौजूद बहुमूल्य आभूषणों की गणना का काम मार्च में शुरू किया गया था। हालांकि, कार्तिक महीने में विशेष धार्मिक अनुष्ठानों और श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए सेवायतों और अन्य संबंधित पक्षों से चर्चा के बाद इस काम को रोक दिया गया था। अब परिस्थितियां अनुकूल होने और सरकार की अनुमति मिलने के बाद प्रक्रिया फिर शुरू कर दी गई है।
अनुष्ठान और महाप्रसाद वितरण पर नहीं पड़ेगा असर
मंदिर प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि गणना के दौरान भगवान जगन्नाथ की दैनिक पूजा और अनुष्ठानों को प्राथमिकता दी जाएगी। देवी-देवताओं के निर्धारित अनुष्ठान पूरे होने के बाद भोग मंडप में गणना का काम शुरू होगा। इस दौरान महाप्रसाद वितरण भी सामान्य रूप से जारी रहेगा।
बाहरी कठ से श्रद्धालु कर सकेंगे दर्शन
रत्न भंडार में गणना के दौरान श्रद्धालुओं के दर्शन पर किसी तरह की रोक नहीं रहेगी। भक्त दोनों दिन पहले की तरह बाहरी कठ से भगवान जगन्नाथ के दर्शन कर सकेंगे।
श्रीमंदिर के मुख्य प्रशासक अरविंद पाढ़ी ने बताया कि गणना की प्रक्रिया और श्रद्धालुओं के दर्शन के बीच बेहतर तालमेल बनाए रखने के लिए जरूरी व्यवस्थाएं की गई हैं। उन्होंने पूरी प्रक्रिया को सुचारु रूप से पूरा कराने के लिए सेवायतों से भी सहयोग की अपील की है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.


















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.