सौरव दास को विदेश जाने से रोकने पर केंद्र का हाईकोर्ट में जवाब, मुंबई पुलिस ने जारी किया था LOC

HIGHLIGHTS
- CJP नेता सौरव दास को ब्रिटेन जाते समय एयरपोर्ट पर रोक दिया गया था।
- केंद्र सरकार ने दिल्ली हाईकोर्ट में बताया कि मुंबई पुलिस ने उनके खिलाफ LOC जारी किया है।
- 22-23 नवंबर की दरमियानी रात महाराष्ट्र पुलिस ने लुकआउट सर्कुलर जारी किया था।
नई दिल्ली। ब्रिटेन में एक कार्यक्रम में हिस्सा लेने जा रहे काकरोच जनता पार्टी (CJP) के मुख्य प्रवक्ता सौरव दास को एयरपोर्ट पर रोके जाने के मामले में केंद्र सरकार ने गुरुवार को दिल्ली हाईकोर्ट में अपना पक्ष रखा। केंद्र ने अदालत को बताया कि मुंबई पुलिस की ओर से सौरव दास के खिलाफ लुकआउट सर्कुलर (LOC) जारी किया गया है। इसी वजह से उन्हें विदेश यात्रा करने से रोका गया।
सुनवाई के दौरान सौरव दास के वकील ने दलील दी कि अधिकारियों ने उन्हें न तो किसी LOC के जारी होने की जानकारी दी और न ही इसे जारी करने का कारण बताया।
मुंबई पुलिस ने जारी किया LOC
केंद्र सरकार की ओर से अदालत में पेश हुए अतिरिक्त सॉलिसिटर जनरल (ASG) चेतन शर्मा ने न्यायमूर्ति अमित महाजन की पीठ को बताया कि 22 और 23 नवंबर की दरमियानी रात महाराष्ट्र पुलिस ने सौरव दास के खिलाफ LOC जारी किया था। उन्होंने कहा कि दास को इस सर्कुलर को उचित फोरम के समक्ष चुनौती देनी होगी।
वहीं, सौरव दास की ओर से पेश वरिष्ठ अधिवक्ता अखिल सिब्बल ने कहा कि उनके मुवक्किल को LOC के बारे में कोई जानकारी नहीं दी गई है। उन्होंने इसे चुनौती देने के लिए LOC की प्रति उपलब्ध कराने की मांग की।
इस पर ASG चेतन शर्मा ने कहा कि LOC की कॉपी उपलब्ध नहीं कराई जा सकती। इसके बाद अदालत ने ब्रिटेन जाने से रोके जाने के फैसले को चुनौती देने वाली सौरव दास की याचिका पर केंद्र सरकार को जवाब दाखिल करने का निर्देश दिया।
क्या होता है लुकआउट सर्कुलर?
लुकआउट सर्कुलर ब्यूरो ऑफ इमिग्रेशन की ओर से जारी किया जाने वाला एक अलर्ट होता है। इसे देशभर के सभी हवाई अड्डों और अन्य प्रवेश-निकास केंद्रों पर लागू किया जाता है। इसका उद्देश्य आपराधिक गतिविधियों के आरोपी या कानूनी मामलों में नामजद लोगों को भारत से बाहर जाने से रोकना होता है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.


















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.