ओडिशा में दो गुटों के बीच खूनी संघर्ष, चाकू से हमला कर एक की हत्या, 35 से ज्यादा घायल

HIGHLIGHTS
- ओडिशा के नयागढ़ जिले के आड़ीपड़ा गांव में दो गुटों के बीच हिंसक झड़प।
- बुधवार रात करीब 10:30 बजे हुई घटना में एक व्यक्ति की मौत।
- मृतक की पहचान 50 वर्षीय मनु बारिक के रूप में हुई।
भुवनेश्वर। ओडिशा के नयागढ़ जिले में बुधवार रात दो गुटों के बीच विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। नुआगांव थाना क्षेत्र की गातेरी पंचायत के आड़ीपड़ा गांव में रात करीब 10:30 बजे हुई इस झड़प में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि 35 से ज्यादा लोग घायल हो गए। मृतक की पहचान गांव के रहने वाले 50 वर्षीय मनु बारिक के रूप में हुई है।
घटना के बाद पूरे गांव में तनाव की स्थिति बनी हुई है। सभी घायलों को पहले महिपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। इनमें 11 लोगों की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें जिला मुख्यालय स्थित अस्पताल रेफर कर दिया गया।
हिंसक घटना की जानकारी मिलते ही महिपुर पुलिस चौकी, नुआगांव थाना पुलिस और नयागढ़ के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस दोनों पक्षों को समझाने और हालात पर काबू पाने की कोशिश कर रही है।
शुद्धिकर्म के भोज के दौरान शुरू हुआ विवाद
मिली जानकारी के मुताबिक, बुधवार को गांव में एक व्यक्ति के शुद्धिकर्म के अवसर पर भोज का आयोजन किया गया था। भोजन तैयार करने और दूसरी व्यवस्थाओं के लिए आयोजक ने बड़े-बड़े ड्रमों में पानी भरकर रखा था। इसी दौरान दूसरे गुट के कुछ युवक वहां पेशाब करने लगे।
यह देखकर आयोजक ने युवकों को ऐसा करने से रोका। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते कहासुनी ने हिंसक झड़प का रूप ले लिया और दोनों तरफ से ईंट-पत्थर और बालू फेंके जाने लगे।
इस दौरान मनु बारिक ने बीच-बचाव कर दोनों पक्षों को समझाने और झगड़ा शांत कराने की कोशिश की। इसी बीच एक युवक ने उन पर चाकू से हमला कर दिया और उनके पेट में चाकू घोंप दिया। हमले के बाद मनु मौके पर ही गिर पड़े।
मनु बारिक की मौत की खबर से एक पक्ष के लोगों में गुस्सा फैल गया। इसके बाद देखते ही देखते पूरा गांव हिंसा की चपेट में आ गया। दोनों गुटों के लोग धारदार हथियारों और अन्य मारक सामान के साथ एक-दूसरे पर हमला करने लगे। इस संघर्ष में 35 से अधिक लोग घायल हो गए।
कई दिनों से दोनों गुटों के बीच चल रहा था तनाव
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, कार्तिक पूर्णिमा के मौके पर गांव में नाटक का मंचन किया जा रहा है। जिस स्थान पर शुद्धिकर्म का भोज आयोजित किया गया था, उसी जगह पर नाटक करने वाले दूसरे गुट के युवक भी अपना कार्यक्रम करना चाहते थे।
इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच पिछले कई दिनों से तनाव और खींचतान बनी हुई थी। बुधवार रात पानी के ड्रम में पेशाब करने की घटना ने पहले से चले आ रहे विवाद को हिंसक संघर्ष में बदल दिया।
फिलहाल गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर कैंप कर रहे हैं और स्थिति को सामान्य करने की कोशिश में जुटे हैं। खबर लिखे जाने तक पुलिस ने इस मामले में किसी को हिरासत में नहीं लिया था।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.



















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.