भिवंडी में दर्दनाक हादसा: बंद नाली की सफाई के दौरान दम घुटने से दो मजदूरों की मौत

HIGHLIGHTS
- महाराष्ट्र के ठाणे जिले के भिवंडी में दर्दनाक हादसा हुआ।
- गुरुवार को बंद नाली की सफाई के दौरान दो मजदूरों की मौत हो गई।
- दोनों मजदूर नाली की रुकावट दूर करने वाली निजी टीम का हिस्सा थे।
ठाणे। महाराष्ट्र के ठाणे जिले के पावरलूम शहर भिवंडी में गुरुवार को बंद नाली की सफाई के दौरान दम घुटने से दो मजदूरों की मौत हो गई। एक नगर निगम अधिकारी ने यह जानकारी दी।
भिवंडी निजामपुर नगर निगम (बीएनएमसी) के आपदा प्रबंधन सेल के प्रमुख साकिब खारबे ने पीटीआई को बताया कि यह हादसा दोपहर के करीब बीएनएमसी आयुक्त के बंगले के पास हुआ।
सफाई के दौरान घुटा मजदूरों का दम
खारबे के मुताबिक, दोनों मजदूर उस निजी टीम का हिस्सा थे, जिसे नाली की रुकावट दूर करने के लिए काम पर लगाया गया था। नाली के भीतर सफाई करते समय दोनों का दम घुट गया और वे बाहर नहीं निकल सके।
अस्पताल में डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
जब उनके साथ काम कर रहे अन्य लोगों ने देखा कि दोनों मजदूर बाहर नहीं आए हैं, तो उन्होंने तुरंत शोर मचाया। इसके बाद स्थानीय दमकल विभाग के कर्मचारी मौके पर पहुंचे। उन्होंने बेहोश मजदूरों को नाली से बाहर निकाला और पास के अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।
खारबे ने बताया कि मृतकों की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है। पुलिस ने आकस्मिक मौत का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.