मुर्शिदाबाद: मेडिकल कॉलेज में मरीजों के खाने में मिला बिच्छू, हड़कंप के बाद तीन कर्मचारी निलंबित

HIGHLIGHTS
- मेडिकल कॉलेज में मरीजों के खाने में मिला बिच्छू, हड़कंप के बाद तीन कर्मचारी निलंबित
- मुर्शिदाबाद मेडिकल कॉलेज में बड़ी लापरवाही, मरीजों के भात में मिला बिच्छू
- अस्पताल में मरीजों को परोसे गए खाने में निकला बिच्छू, तीन कर्मचारियों पर गिरी गाज
कोलकाता। पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद मेडिकल कॉलेज अस्पताल के मातृमा विभाग में मरीजों को दिए गए भोजन में बिच्छू मिलने से हड़कंप मच गया। शिकायत सामने आते ही अस्पताल प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए तीन कर्मचारियों को निलंबित कर दिया है।
मामले की जांच के लिए पांच सदस्यों की एक कमेटी बनाई गई है। इसमें अस्पताल के उप अधीक्षक और सहायक अधीक्षक को भी शामिल किया गया है। कमेटी जल्द ही अपनी रिपोर्ट सौंपेगी, जिसे स्वास्थ्य विभाग के पास भेजा जाएगा।
भात में मिला बिच्छू, मरीजों में मची दहशत
मिली जानकारी के अनुसार, मुर्शिदाबाद मेडिकल कॉलेज अस्पताल के मातृमा विभाग में दोपहर का भोजन एक निजी संस्था की ओर से उपलब्ध कराया जाता है। इसी व्यवस्था के तहत मरीजों को खाना परोसा जा रहा था। इसी दौरान कुछ मरीजों की नजर भात में पड़े बिच्छू पर पड़ी। घटना सामने आते ही अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
कर्मचारियों को जारी किया गया कारण बताओ नोटिस
घटना की जानकारी मिलते ही डॉक्टर और अस्पताल के अधिकारी मौके पर पहुंच गए। भोजन की आपूर्ति करने वाली संस्था के प्रतिनिधियों को भी बुलाया गया। इस मामले में जिम्मेदार माने जा रहे तीन कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया और उन्हें निलंबित भी कर दिया गया।
अस्पताल अधीक्षक बोले- कोई मरीज बीमार नहीं
अस्पताल अधीक्षक डॉ. सौरदीप राय ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि भोजन में बिच्छू मिलने की शिकायत सामने आई है, लेकिन किसी भी मरीज की तबीयत खराब नहीं हुई है। सभी मरीज स्वस्थ हैं।
वहीं, मरीजों के स्वजन ने अस्पताल में मिलने वाले भोजन की गुणवत्ता और खाद्य सुरक्षा को लेकर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि मरीजों को परोसे जाने वाले खाने में इस तरह की लापरवाही सामने आने से उनकी सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। अस्पताल प्रशासन ने मामले में उचित कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.