बदायूं के जंगल में प्रेमी युगल से अभद्रता, वीडियो सामने आने पर पुलिस ने तीन को पकड़ा

HIGHLIGHTS
- मामला बदायूं के उघैती थाना क्षेत्र के सिद्ध बरोलिया मंदिर के जंगल का है।
- घटना पिछले बृहस्पतिवार दोपहर करीब 2 बजे की बताई जा रही है।
- प्रेमी युगल जंगल में अपने रिश्तेदार के साथ गया था।
बदायूं। बिहार के जमुई में नाबालिग लड़के-लड़की से अभद्रता की घटना के बाद अब बदायूं जिले के उघैती थाना क्षेत्र से भी प्रेमी युगल के साथ मारपीट, लूटपाट और अश्लील वीडियो बनाने का मामला सामने आया है। सिद्ध बरोलिया मंदिर के जंगल में कुछ युवकों ने प्रेमी युगल को आपत्तिजनक स्थिति में पकड़ लिया। आरोप है कि युवकों ने दोनों के साथ मारपीट की और युवक से रुपये लूट लिए। युवती की अश्लील वीडियो बनाने और उसे गोद में उठाकर फोटो खींचने की बात भी सामने आई है।
घटना का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस अधिकारियों में हड़कंप मच गया। शुक्रवार दोपहर एसएसपी अंकिता शर्मा ने एसपी देहात डॉ. हृदेश कठेरिया समेत अन्य अधिकारियों के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने मामले में सराह बरोलिया गांव के तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। उनसे पूछताछ की जा रही है। वहीं, अन्य आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश शुरू कर दी गई है।
पिछले बृहस्पतिवार की बताई जा रही घटना
बताया जा रहा है कि घटना पिछले बृहस्पतिवार की है। थाना क्षेत्र की एक युवती अपने रिश्तेदार प्रेमी के साथ सराह बरौलिया के पास जंगल में गई थी। दोपहर करीब 2 बजे दोनों जंगल में पहुंचे थे।
ग्रामीणों के मुताबिक, जिस स्थान से प्रेमी युगल जंगल की ओर गया, उसके पास ही देशी शराब की दुकान है। यहां कुछ युवक दिनभर खड़े रहते हैं। बताया गया कि एक युवक ने दोनों को जंगल में जाते देखा। कुछ देर बाद पांच युवकों ने प्रेमी युगल को जंगल में आपत्तिजनक स्थिति में पकड़ लिया।
चर्चा है कि उस समय युवती के शरीर पर कपड़े नहीं थे। आरोप है कि युवकों ने पहले युवक के साथ मारपीट की और उसकी जेब में रखे 1500 रुपये छीन लिए। इसके बाद युवती को ब्लैकमेल करने की बात सामने आई।
अश्लील वीडियो बनाने और ब्लैकमेल का आरोप
ग्रामीणों के अनुसार, चर्चा है कि आरोपियों ने युवती की अश्लील वीडियो बनाई और उसे गोद में उठाकर फोटो भी खींचे। इसके बाद प्रेमी युगल के साथ मारपीट की गई। वीडियो बनाने के बाद युवती को ब्लैकमेल कर रुपये मंगवाने की बात भी सामने आई है।
बताया जा रहा है कि कई दिन बीतने के बाद आरोपियों में से किसी एक युवक ने वीडियो कई ग्रामीणों को दिखाया, जिसके बाद घटना की चर्चा शुरू हुई। मामला उघैती पुलिस तक पहुंचने पर पुलिस ने एक आरोपी को पकड़कर पूछताछ की। पुलिस ने आरोपी के मोबाइल फोन से वीडियो भी डिलीट कराया।
एसएसपी समेत अधिकारियों ने किया घटनास्थल का निरीक्षण
प्रेमी युगल के साथ जंगल में मारपीट, लूटपाट और अश्लील वीडियो बनाने की जानकारी पुलिस के उच्चाधिकारियों तक पहुंची तो अधिकारी सक्रिय हुए। शुक्रवार को एसएसपी अंकिता शर्मा समेत अन्य अधिकारियों ने कई घंटे तक घटनास्थल का निरीक्षण किया।
एसएसपी अंकिता शर्मा के अनुसार, सराह बरौलिया के रहने वाले आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। मामले में सुगेन्द्र कुमार यादव, छोटे जाटव पुत्र देवराज, बेचैन जाटव और जीतेश पुत्र कल्लू के खिलाफ गंभीर धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई है।
इन तीन आरोपियों की गिरफ्तारी
- सुगेन्द्र कुमार यादव पुत्र सरनाम सिंह, निवासी ग्राम स्वरुपपुर
- बेचैन जाटव पुत्र नत्थूलाल, उम्र 40 वर्ष, निवासी ग्राम सराय बरोलिया
- छोटे जाटव पुत्र देवराज, उम्र 32 वर्ष, निवासी ग्राम सराय बरोलिया
इन धाराओं में दर्ज हुआ मुकदमा
आरोपियों के खिलाफ धारा 61(2) के तहत आपराधिक षड्यंत्र, धारा 75 के तहत यौन उत्पीड़न, धारा 76 के तहत महिला को निर्वस्त्र करने के इरादे से हमला, धारा 309(4) के तहत लूट, धारा 115(2) के तहत स्वेच्छा से चोट पहुंचाने, धारा 352 के तहत शांति भंग करने के इरादे से अपमान, धारा 351(3) के तहत गंभीर आपराधिक धमकी और आईटी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।
जमुई में क्या हुआ था?
बिहार के जमुई में नाबालिग लड़के और लड़की को रास्ते में रोककर उनके साथ अभद्रता किए जाने का मामला सामने आया था। आरोप है कि कुछ युवकों ने लड़की के साथ छेड़खानी की। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ।
जमुई पुलिस के अनुसार, यह घटना 19 सितंबर की शाम की है। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने उसमें दिखाई दे रहे लोगों की पहचान शुरू की और पीड़ितों तक पहुंचकर उनके बयान दर्ज किए। इस मामले में पुलिस ने तीन युवकों को गिरफ्तार किया है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.
























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.