राम मंदिर ट्रस्ट की अहम बैठक आज, नए महासचिव समेत कई पदों पर हो सकता है फैसला

HIGHLIGHTS
- श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की बैठक में नए महासचिव और अन्य रिक्त पदों पर निर्णय की संभावना।
- चढ़ावा चोरी प्रकरण के बाद प्रशासनिक, वित्तीय और निगरानी व्यवस्था को मजबूत बनाने पर मंथन होगा।
- मंदिर में चढ़ावे की गणना, सुरक्षा व्यवस्था और एसआईटी जांच की समीक्षा भी बैठक के एजेंडे में शामिल।
अयोध्या। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की बुधवार को प्रस्तावित अहम बैठक में संगठनात्मक संरचना और मंदिर की प्रशासनिक व्यवस्थाओं से जुड़े कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए जा सकते हैं। बैठक में ट्रस्ट के नए महासचिव के चयन के साथ-साथ लंबे समय से रिक्त दो अन्य प्रमुख पदों पर भी फैसला होने की संभावना जताई जा रही है। सूत्रों का कहना है कि ट्रस्ट का अगला महासचिव विश्व हिंदू परिषद से ही होगा और इसे लेकर लगभग सहमति बन चुकी है।
हाल में सामने आए चढ़ावा चोरी प्रकरण और उसके बाद हुई जांच के मद्देनजर ट्रस्ट प्रशासनिक व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने की दिशा में कदम बढ़ा रहा है। इसी क्रम में नई कार्यप्रणाली लागू करने, जवाबदेही तय करने और वित्तीय निगरानी को मजबूत बनाने जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा होगी। पूर्व महासचिव चंपत राय और ट्रस्ट सदस्य डॉ. अनिल मिश्र के इस्तीफे के बाद खाली हुए पदों पर नए नामों की घोषणा भी की जा सकती है। बैठक दो चरणों में होगी। पहले सत्र में दोपहर तीन बजे से रिक्त पदों पर चयन को लेकर विचार-विमर्श होगा, जबकि दूसरे सत्र में शाम चार बजे से अन्य विषयों पर चर्चा की जाएगी।
नए महासचिव की नियुक्ति को ट्रस्ट के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि चढ़ावा चोरी मामले के बाद कार्यप्रणाली में कई सुधारात्मक कदम उठाए जा रहे हैं। बैठक में अन्य खाली पदों पर भी नियुक्तियों की उम्मीद है। बिमलेंद्र मोहन प्रताप मिश्र के निधन से रिक्त हुए स्थान पर उनके पुत्र, राज परिवार के सदस्य और साहित्यकार यतींद्र मिश्र के चयन की संभावना बताई जा रही है। इसके अलावा अयोध्या के किसी संत को भी ट्रस्ट में शामिल किया जा सकता है। बताया जा रहा है कि बैठक में चढ़ावे की गणना, लेखा प्रणाली, बैंकिंग व्यवस्था, निगरानी तंत्र और कर्मचारियों की जिम्मेदारियों से जुड़ी नई व्यवस्थाओं पर भी विचार होगा।
काउंटिंग और सुरक्षा व्यवस्था की होगी समीक्षा
राम मंदिर ट्रस्ट के सदस्य महंत दिनेंद्र दास ने बताया कि बैठक दोपहर तीन बजे मणिराम दास की छावनी में आयोजित की जाएगी। उन्होंने कहा कि बैठक में लिए जाने वाले सभी निर्णय सभी सदस्यों को मान्य होंगे। बैठक के दौरान मंदिर में नोटों की काउंटिंग व्यवस्था और सुरक्षा प्रबंधन की समीक्षा भी की जाएगी। साथ ही एसआईटी जांच से जुड़े बिंदुओं पर भी चर्चा प्रस्तावित है। उन्होंने बताया कि वर्तमान में राम मंदिर में पूजा-पद्धति का संचालन रामानंदीय परंपरा के अनुरूप सुचारु रूप से किया जा रहा है और व्यवस्थाओं की लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है।
ट्रस्ट सदस्य पहुंचने लगे, कोषाध्यक्ष आज आएंगे
बैठक में शामिल होने के लिए ट्रस्ट सदस्यों का अयोध्या पहुंचना शुरू हो गया है। मंगलवार देर शाम युगपुरुष परमानंद और जगद्गुरु वासुदेवानंद सरस्वती अयोध्या पहुंच गए। वहीं ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष गोविंद देव गिरि के बुधवार सुबह 11 बजे तक पहुंचने की संभावना है। वरिष्ठ अधिवक्ता के. परासरण बैठक में ऑनलाइन माध्यम से जुड़ेंगे। दूसरी ओर विश्व हिंदू परिषद के पदाधिकारियों का भी अयोध्या आगमन शुरू हो चुका है। विहिप के महामंत्री बजरंग लाल बांगड़ा, धर्माचार्य संपर्क प्रमुख अशोक तिवारी और वरिष्ठ संरक्षक दिनेश चंद्र पहले ही अयोध्या पहुंच चुके हैं।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.