दिल्ली के 75 सीएम श्री स्कूलों में ‘Eat Well-Live Well’ पहल शुरू, 30 हजार बच्चों को सिखाई जाएंगी स्वस्थ आदतें

HIGHLIGHTS
- 75 सीएम श्री स्कूलों में ‘ईट वेल-लिव वेल’ पहल शुरू।
- करीब 30,000 बच्चों पर केंद्रित है पहल।
- बच्चों की व्यक्तिगत, सामाजिक और पर्यावरणीय कौशल पर दिया जाएगा ध्यान।
दिल्ली सरकार ने राजधानी के 75 सीएम श्री स्कूलों में ‘ईट वेल-लिव वेल’ पहल की शुरुआत की है। इसके जरिए करीब 30,000 बच्चों में ‘फाउंडेशनल वेलबीइंग लिटरेसी’ विकसित करने पर काम किया जाएगा। इस पहल का शुभारंभ शिक्षा मंत्री आशीष सूद ने किया।
इस अवसर पर शिक्षा मंत्री ने कहा कि बच्चों के पास जानकारी की कमी नहीं है, लेकिन उस जानकारी को रोजमर्रा की स्वस्थ आदतों में बदलना एक चुनौती है। उन्होंने कहा कि जिस तरह फाउंडेशनल लिटरेसी एंड न्यूमेरसी बच्चों की सीखने की नींव को मजबूत करता है, उसी तरह ‘फाउंडेशनल वेलबीइंग लिटरेसी’ बच्चों को स्वस्थ, संतुलित और जिम्मेदार जीवन जीने के लिए जरूरी आधारभूत समझ और कौशल देगी।
पहल के तहत बच्चों की 21 व्यक्तिगत आदतों, सात सामाजिक कौशल और सात पर्यावरणीय कौशल पर ध्यान दिया जाएगा। इसमें स्वस्थ भोजन, भोजन सुरक्षा और स्वच्छता, पर्याप्त मात्रा में पानी पीना, शारीरिक गतिविधियों और बेहतर खान-पान की आदतों को बढ़ावा दिया जाएगा। साथ ही अभिभावकों को भी इस पहल से जोड़ा जाएगा, जिससे बच्चों में विकसित किए जा रहे स्वस्थ व्यवहार को घर पर भी बढ़ावा मिल सके।
शिक्षा निदेशक अंकिता आनंद ने कहा कि यह कोई अलग से चलाया जाने वाला अतिरिक्त कार्यक्रम नहीं है, बल्कि स्कूलों में पहले से संचालित विभिन्न गतिविधियों को एक साथ जोड़कर वेलबीइंग को स्कूल जीवन का हिस्सा बनाने की पहल है।
इस पहल के तहत बच्चों के लिए न तो कोई अतिरिक्त पाठ्यपुस्तक होगी और न ही परीक्षा आयोजित की जाएगी। बातचीत, गतिविधियों, दृश्य संकेतों और लगातार अभ्यास के जरिए बच्चों में स्वस्थ व्यवहार विकसित किया जाएगा। इसका उद्देश्य बच्चों को केवल स्वास्थ्य से संबंधित जानकारी देना नहीं, बल्कि उसे उनकी रोजमर्रा की आदतों और व्यवहार का हिस्सा बनाना है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.