रोहिणी में 60 वर्षीय कारोबारी की हत्या, साली की बेटी समेत तीन गिरफ्तार

HIGHLIGHTS
- हत्याकांड में सिमरन के प्रेमी हिमांशु का नाम भी सामने आया है।
- वारदात के समय राकेश खन्ना घर में अकेले थे।
- पुलिस के अनुसार, आरोपितों को फ्लैट बेचने से मिली रकम की जानकारी थी।
दिल्ली। रोहिणी सेक्टर-3 में मंगलवार रात 60 वर्षीय राकेश खन्ना की हत्या कर दी गई। वारदात के वक्त वह घर में अकेले थे। पुलिस ने जांच के दौरान मृतक की साली की बेटी सिमरन समेत पारस और चिराग को गिरफ्तार किया है। हत्याकांड में सिमरन के प्रेमी हिमांशु का नाम भी सामने आया है। फिलहाल पुलिस उसकी तलाश कर रही है। जांच और पूछताछ में सामने आया कि आरोपी बुजुर्ग द्वारा कुछ समय पहले बेचे गए फ्लैट से मिली करीब 80 लाख रुपये की रकम को हड़पने की फिराक में थे।
घर के अंदर कर दी हत्या
शुरुआती जांच में पता चला है कि बुजुर्ग को घर में अकेला देखकर आरोपितों ने लूटपाट के इरादे से वारदात को अंजाम दिया। हालांकि, पुलिस अभी आरोपितों से पूछताछ कर रही है और हत्या की पूरी वजह का पता लगाने में जुटी है। बताया गया कि घटना के समय राकेश की पत्नी बाजार गई हुई थीं। इसी दौरान कुछ लोग घर पहुंचे और वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस के अनुसार, सिमरन एक निजी स्कूल में शिक्षिका है। वहीं चिराग जिम में प्रशिक्षक है, जबकि पारस 12वीं कक्षा का छात्र है और पहले भी एक मामले में पकड़ा जा चुका है।
मौसी को भेजा मेला देखने और...
पुलिस के मुताबिक, राकेश खन्ना की हत्या की साजिश सिमरन ने अपने प्रेमी हिमांशु के साथ मिलकर रची थी। हिमांशु जिम चलाता है। योजना के तहत सिमरन ने पहले अपनी मौसी को कुछ रिश्तेदारों के साथ मेला देखने के लिए भेज दिया, ताकि वारदात के समय घर पर कोई मौजूद न रहे। इसके बाद डुप्लीकेट चाबी की मदद से पारस और चिराग को घर के अंदर भेजा गया। दोनों ने वहां बुजुर्ग राकेश खन्ना की हत्या कर दी। हिमांशु अभी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है।
सोना नहीं आया हाथ, नकदी और जेवर लेकर फरार
पुलिस का दावा है कि राकेश खन्ना ने हाल ही में अपना फ्लैट करीब 80 लाख रुपये में बेचा था। इस रकम से उन्होंने सोना खरीदा था। आरोपितों को इसकी जानकारी थी और इसी सोने को लूटने के इरादे से पूरी साजिश तैयार की गई थी।
हालांकि, वारदात के दौरान आरोपितों के हाथ सोना नहीं लगा। वे कुछ नकदी और जेवरात लेकर फरार हो गए। पुलिस ने आरोपितों की निशानदेही पर कुछ सामान बरामद किया है, जबकि बाकी सामान की तलाश जारी है। मामले में पुलिस आरोपितों से पूछताछ कर साजिश से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।
वारदात में सभी जान-पहचान वाले
बाद में राकेश संदिग्ध हालत में घर के अंदर मिले। उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। घर से नकदी और कुछ सामान गायब मिलने के बाद पुलिस ने हत्या और लूटपाट के एंगल से जांच शुरू की। जांच में सामने आया कि वारदात में परिचित लोगों की भूमिका थी।
पुलिस के विभागीय सूत्रों के अनुसार, सिमरन को पता था कि बुजुर्ग ने हाल ही में एक फ्लैट बेचा है, जिससे उन्हें करीब 80 लाख रुपये मिले थे। इसके बाद ही वारदात की योजना तैयार की गई। आरोपितों ने हत्या और लूट के बाद जो सामान हाथ लगा, उससे सोने के जेवर खरीदे थे, जो अब अहम साक्ष्य बन गए हैं।
पीएम रिपोर्ट से मिलेंगे कई जवाब
इसके बाद सिमरन, पारस और चिराग की पहचान हुई और बुधवार सुबह तीनों को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि हत्या किस तरीके से की गई और लूटपाट में कौन-कौन सा सामान ले जाया गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट अभी आना बाकी है। पुलिस का कहना है कि रिपोर्ट और पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। इस मामले में पुलिस जल्द ही पूरी जांच और सामने आए तथ्यों के बारे में विस्तार से जानकारी देगी।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.



























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.