दिल्ली: पोते ने दोस्त के साथ मिलकर दादा के खाते से उड़ाए 29.50 लाख रुपये, दोनों गिरफ्तार

HIGHLIGHTS
- पूर्वी दिल्ली में 87 वर्षीय बुजुर्ग के बैंक खाते से 29.50 लाख रुपये की ठगी हुई।
- पीड़ित भारतीय नौसेना से सेवानिवृत्त अधिकारी हैं।
- ठगी के आरोप में बुजुर्ग के 22 वर्षीय पोते और उसके दोस्त को गिरफ्तार किया गया।
पूर्वी दिल्ली। जिस पोते से उम्मीद थी कि वह बुजुर्ग दादा के बुढ़ापे का सहारा बनेगा, उसी ने अपने दोस्त के साथ मिलकर उनके बैंक खाते से 29.50 लाख रुपये निकाल लिए। पीड़ित 87 वर्षीय बुजुर्ग भारतीय नौसेना से सेवानिवृत्त हैं।
आरोप है कि पोते ने दादा के बैंक खाते से जुड़ी जानकारी और मोबाइल नंबर का गलत इस्तेमाल करते हुए दोस्त के साथ अप्रैल से अक्टूबर 2026 के बीच ठगी को अंजाम दिया। पूर्वी जिला साइबर थाना पुलिस ने इस मामले में पोते सहित दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के मुताबिक, दोनों ने ठगी की रकम महंगी यात्राओं, पार्टियों और मौज-मस्ती पर खर्च की। पुलिस ने ठगी के पैसों से खरीदी गई एक पोलो कार और दो मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं।
जांच में 29,50,892 रुपये की ठगी का खुलासा
पूर्वी जिला पुलिस उपायुक्त राजीव कुमार ने बताया कि अश्वनी राघव की शिकायत पर पूर्वी जिला साइबर थाने में ई-एफआईआर दर्ज की गई थी। शिकायत में कहा गया था कि उनके 87 वर्षीय पिता जगदीश सिंह के बैंक खाते से अप्रैल से अक्टूबर के बीच संदिग्ध तरीके से पैसे निकाले गए।
पुलिस ने मामले की जांच की तो कुल 29,50,892 रुपये की ठगी का पता चला।
बुलंदशहर में छापेमारी कर दोनों आरोपित गिरफ्तार
इंस्पेक्टर पवन यादव, एसएचओ साइबर थाना पूर्वी के नेतृत्व में एएसआई शिव कुमार, हेड कांस्टेबल अनुराग और योगेश की टीम ने बैंक खातों, केवाईसी दस्तावेजों और लेनदेन की पड़ताल की। जांच में सामने आया कि ठगी के 9,26,892 रुपये अभिषेक राघव के इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक खाते में और 20,24,000 रुपये तुषार चौधरी के पंजाब नेशनल बैंक खाते में ट्रांसफर किए गए थे।
इसके बाद पुलिस ने बुलंदशहर में दबिश देकर दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया।
नोएडा में दोस्तों के साथ की पार्टियां
पूछताछ में पता चला कि 22 वर्षीय अभिषेक राघव शिकायतकर्ता का बेटा और बुजुर्ग का पोता है। वह खुर्जा से बीए-एलएलबी की पढ़ाई कर रहा है। आरोप है कि उसने अपने 22 वर्षीय दोस्त तुषार के साथ मिलकर ठगी की योजना बनाई थी। तुषार खुर्जा से नर्सिंग का कोर्स कर रहा है।
जांच के दौरान यह भी सामने आया कि दोनों आरोपितों ने ठगी की रकम से मनाली, नैनीताल और ओडिशा की यात्राएं कीं। इसके अलावा नोएडा में दोस्तों के साथ पार्टियां भी कीं।
दोनों ने 2.75 लाख रुपये में एक पोलो कार खरीदी और उस पर 1.25 लाख रुपये खर्च कर म्यूजिक सिस्टम लगवाया। पुलिस ने दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर रिमांड पर लिया है। अब पुलिस ठगी की शेष रकम बरामद करने और मामले में अन्य आरोपितों की तलाश के लिए छापेमारी कर रही है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.



















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.