मध्य प्रदेश: होटल में गांजा रखकर कपल को फंसाने की कथित साजिश का वीडियो वायरल, थाना प्रभारी हटाए गए

HIGHLIGHTS
- मध्य प्रदेश के सिवनी जिले का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
- वीडियो में कथित पुलिस अधिकारी होटल कर्मचारियों से बैग में गांजा रखने की बात कहते सुनाई दे रहे हैं।
- मामला बाबरिया रोड स्थित होटल सिद्धार्थ का बताया जा रहा है।
भोपाल। मध्य प्रदेश के सिवनी जिले का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इसमें कथित तौर पर एक पुलिस अधिकारी होटल कर्मचारियों से किसी व्यक्ति के बैग में गांजा रखने और उसके खिलाफ आपराधिक केस दर्ज करने की बात कहता दिखाई दे रहा है।
मामले का खुलासा होने के बाद पुलिस विभाग ने कार्रवाई करते हुए कोतवाली थाना प्रभारी को उनके पद से हटा दिया है। साथ ही पूरे प्रकरण की जांच भी शुरू कर दी गई है।
क्या है पूरा मामला?
यह मामला सिवनी के बाबरिया रोड स्थित होटल सिद्धार्थ का बताया जा रहा है। होटल संचालक संजय सनोडिया ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि पुलिस अधिकारियों ने उनसे हर महीने 25 हजार रुपये देने की मांग की थी।
आरोप है कि मांग के मुताबिक पूरी रकम नहीं दे पाने पर अधिकारी होटल पहुंचे और उनके साथ मारपीट की। इतना ही नहीं, होटल में ठहरे एक बालिग कपल को गांजे के झूठे मामले में फंसाने की धमकी भी दी गई। इसी घटना से जुड़ा वीडियो अब सोशल मीडिया पर सामने आया है।
वीडियो में क्या दिखाई दे रहा है?
वायरल वीडियो में कथित तौर पर एक अधिकारी होटल कर्मचारियों से कहता सुनाई दे रहा है, 'उसके बैग में थोड़ा गांजा रख दो।' बातचीत में होटल परिसर में नशीला पदार्थ रखकर वहां ठहरे एक कपल को ड्रग्स के मामले में फंसाने की योजना पर चर्चा होती दिखाई दे रही है।
फुटेज में कथित तौर पर एक पुलिस अधिकारी के साथ कुछ अन्य पुलिसकर्मी होटल के रिसेप्शन एरिया में नजर आ रहे हैं। इस दौरान उनकी होटल कर्मचारियों और स्टाफ के साथ बहस होती दिख रही है। हालांकि, अभी यह स्पष्ट नहीं हुआ है कि वीडियो वास्तविक है या नहीं और इसमें सुनाई दे रही बातचीत किस तारीख की है।
वायरल वीडियो की जांच कर रही पुलिस
वीडियो सामने आने के बाद सिवनी के एसपी कृष्ण लालचंदानी ने मामले का संज्ञान लिया। उन्होंने कोतवाली थाना प्रभारी को पुलिस लाइन से संबद्ध करने का आदेश दिया है। साथ ही मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, फुटेज की जांच कर उसकी प्रमाणिकता का पता लगाया जाएगा। इसके साथ ही बातचीत किन परिस्थितियों में हुई, इसकी भी पड़ताल की जाएगी।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.