जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में सुरक्षाबलों को बड़ी कामयाबी, लश्कर का मोस्ट वांटेड आतंकी लतीफ भट ढेर

HIGHLIGHTS
- जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले में बुधवार सुबह सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़ हुई।
- सुरक्षाबलों ने लश्कर-ए-तैयबा के मोस्ट वांटेड आतंकी लतीफ अहमद भट को मार गिराया।
- लतीफ एक मस्जिद में छिपा हुआ था।
श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले में बुधवार सुबह सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़ शुरू हो गई। इस दौरान सुरक्षाबलों ने लश्कर-ए-तैयबा के मोस्ट वांटेड आतंकी लतीफ अहमद भट को मार गिराया। बताया गया कि लतीफ एक मस्जिद में छिपा हुआ था।
अधिकारियों के मुताबिक, जम्मू-कश्मीर पुलिस और सुरक्षाबलों की संयुक्त टीम ने इलाके में आतंकी को घेर लिया था। इससे पहले सुरक्षाबलों ने उसे आत्मसमर्पण करने का मौका भी दिया, लेकिन उसने सरेंडर करने से इनकार कर दिया और सुरक्षाबलों पर लगातार गोलीबारी करता रहा।
इससे पहले सोमवार को कुलगाम के लारू इलाके में सुरक्षाबलों के साथ हुई मुठभेड़ में लतीफ का साथी नसीर डार मारा गया था। वह कुलगाम में सीआरपीएफ की टीम पर हुए हमले में शामिल था। उस समय लतीफ भट शुरुआती घेराबंदी से बचकर फरार हो गया था। अब सुरक्षाबलों ने उसे भी मार गिराया है।
कुलगाम में सीआरपीएफ टीम पर किया था हमला
11 नवंबर को कुलगाम के अखरन इलाके में आतंकी लतीफ बट ने आतंकी उमर निसार के साथ मिलकर सीआरपीएफ के नाके पर गोलीबारी की थी। इसके बाद दोनों वहां से फरार हो गए थे। इस हमले में तीन जवान घायल हुए थे। घटना के बाद से ही सुरक्षाबल दोनों आतंकियों की तलाश में जुटे थे।
अधिकारियों ने बताया कि लतीफ के इलाके में छिपे होने की सूचना मिलने के बाद रविवार दोपहर से अभियान चलाया जा रहा था। सोमवार सुबह कुलगाम से कुछ दूरी पर स्थित लारू में आगे बढ़ रहे पुलिस के वाहन पर आतंकियों ने फायरिंग शुरू कर दी।
इसके बाद दोनों ओर से मुठभेड़ शुरू हो गई। अभियान में सीआरपीएफ और सेना के जवान भी शामिल हो गए। सोमवार से ही सुरक्षाबलों का अभियान लगातार जारी था।
हमले से पहले की थी रेकी
कश्मीर के कुलगाम जिले के अखरन में 11 नवंबर को सीआरपीएफ की नाका पार्टी पर हमला करने से एक दिन पहले आतंकी संगठन द रजिस्ट्रेंस फ्रंट (टीआरएफ) के स्वयंभू आतंकी कमांडर लतीफ अहमद बट ने चार स्थानों की रेकी की थी।
रेकी के बाद ही हमले के लिए जगह और वहां से फरार होने के रास्ते तय किए गए थे। 16 नवंबर को मुठभेड़ में मारा गया आतंकी उमर निसार भी लतीफ के साथ ही घूम रहा था।
सीसीटीवी फुटेज की जांच के दौरान यह जानकारी सामने आई है। जांच में यह भी पता चला कि उमर ने ही लतीफ को पिछले छह महीने से पनाह दे रखी थी।
पुलिस के अनुसार, जांच के दौरान जुटाए गए साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के विश्लेषण से दोनों आतंकियों की गतिविधियों का पता चला। फुटेज में सामने आया कि दोनों ने 10 नवंबर को कुलगाम के मीर बाजार, अखरन, हबलिश और किलम में घूमकर सुरक्षाबलों को निशाना बनाने के लिए जगहों की पहचान की थी।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.