मथुरा चिंतन शिविर के बाद दिल्ली पहुंचे सीएम योगी, अमित शाह और नितिन नवीन से की मुलाकात

HIGHLIGHTS
- मथुरा चिंतन शिविर के बाद सीएम योगी मंगलवार शाम दिल्ली पहुंचे।
- मुख्यमंत्री ने भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन से उनके आवास पर मुलाकात की।
- बैठक में पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव (संगठन) बीएल संतोष भी शामिल हुए।
मथुरा में आयोजित चिंतन शिविर के बाद उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंगलवार शाम दिल्ली पहुंचे। यहां उन्होंने भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की। अगले साल होने वाले उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर मथुरा में हुई बैठक में लिए गए फैसलों को लागू करने के संबंध में शीर्ष नेताओं के साथ चर्चा की गई। इस दौरान सहयोगी दलों के साथ सीटों के बंटवारे और आगामी चुनाव की रणनीति पर भी मंथन हुआ।
दिल्ली पहुंचने के तुरंत बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन के आवास पर पहुंचे। दोनों नेताओं के बीच करीब एक घंटे तक बैठक हुई। इसमें पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव (संगठन) बीएल संतोष भी मौजूद रहे। सूत्रों के अनुसार, बैठक में एनडीए के सहयोगी दलों राष्ट्रीय लोकदल, सुभासपा, निषाद पार्टी और अपना दल (सोनेलाल) के साथ चुनावी तालमेल, टिकट वितरण में जातीय समीकरण, सोशल मीडिया पर आक्रामक प्रचार की रणनीति और सपा के पीडीए नैरेटिव का जवाब देने जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा हुई।
शाह के साथ एसआईआर समेत कई मुद्दों पर चर्चा
नितिन नवीन के आवास पर बैठक के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और बीएल संतोष के साथ वे अमित शाह के आवास पहुंचे। यहां एक घंटे से अधिक समय तक चली बैठक में मथुरा चिंतन शिविर से निकले मुद्दों पर विचार-विमर्श किया गया। सूत्रों के मुताबिक, बैठक में एसआईआर के तहत मतदाता सूची से कटे नामों के कारण होने वाले संभावित नुकसान को कम करने सहित कई विषयों पर चर्चा हुई।
मुख्यमंत्री ने सरकार और संगठन के कामकाज को सामने रखते हुए चुनाव से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर अपनी बात रखी। पार्टी की रणनीति अखिलेश यादव की चुनावी मुहिम को नाकाम करने की है। इसके साथ ही मोदी और योगी सरकार के कामकाज को प्रभावी ढंग से जनता तक पहुंचाने के लिए नए अभियान शुरू करने की तैयारी भी की जा रही है।
मोदी की रैलियों पर भी हुआ मंथन
सूत्रों के अनुसार, बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की आगामी रैलियों को लेकर भी चर्चा हुई। प्रधानमंत्री 21 नवंबर को लखनऊ पहुंचेंगे। यहां वे पांचवें राष्ट्रीय कौशल दीक्षा समारोह में देशभर के 52 ऑल इंडिया टॉपर प्रशिक्षार्थियों को सम्मानित करेंगे।
हालांकि, यह एक सरकारी कार्यक्रम है, लेकिन प्रधानमंत्री अपने इस दौरे के दौरान भाजपा नेताओं के साथ अलग से बैठक कर पार्टी की चुनावी रणनीति पर चर्चा कर सकते हैं। दिसंबर से उनकी रैलियों की शुरुआत होने की संभावना है। वहीं, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के दौरों को भी जल्द अंतिम रूप दिया जाएगा। वे पार्टी संगठन की दृष्टि से बनाए गए क्षेत्रीय प्रांतों का दौरा करेंगे।



























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.