जन्माष्टमी पर कृष्णमय हुई दिल्ली, मंदिरों में आज होंगे भव्य आयोजन

HIGHLIGHTS
- जन्माष्टमी को लेकर दिल्ली के प्रमुख मंदिर सजाए गए।
- कई मंदिरों में महाभिषेक और महाआरती होगी।
- द्वारका में AI और 3D प्रोजेक्शन से कृष्ण लीलाएं दिखाने की तैयारी।
जन्माष्टमी के मौके पर राजधानी दिल्ली पूरी तरह कृष्णमय नजर आ रही है। भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव को लेकर आज प्रमुख मंदिरों में भव्य कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। कई मंदिर फूलों और रोशनी से सजाए गए हैं, जबकि कुछ जगहों पर कृष्ण की लीलाओं पर आधारित झांकियां तैयार की गई हैं।
कई मंदिरों में महाभिषेक, महाआरती, भजन-कीर्तन और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन होगा। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए मंदिर प्रबंधन के साथ दिल्ली पुलिस ने भी सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन की तैयारियां पूरी कर ली हैं।
द्वारका में आयोजित होने वाले जन्माष्टमी महोत्सव में एआई, ऑगमेंटेड रियलिटी और 3डी प्रोजेक्शन के जरिए कृष्ण की लीलाओं और गीता के संदेश को प्रस्तुत करने की तैयारी की गई है।
जन्माष्टमी का सबसे बड़ा आकर्षण द्वारका स्थित इस्कॉन के श्री श्री रुक्मिणी द्वारकाधीश मंदिर में देखने को मिलेगा। यहां दो दिवसीय महामहोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। मंदिर में भगवान कृष्ण को करीब 5,600 प्रकार के व्यंजनों का भोग लगाया जाएगा।
इसमें पारंपरिक 56 भोग के अलावा कई विशेष व्यंजन भी शामिल हैं। मंदिर में पूरे दिन के लिए करीब 1,108 किलो केक प्रसाद के रूप में तैयार किया गया है।
ईस्ट ऑफ कैलाश स्थित इस्कॉन मंदिर की सजावट भगवान कृष्ण के प्रिय मोर की थीम पर की गई है। भगवान के वस्त्र और आभूषण वृंदावन के कारीगरों से तैयार कराए गए हैं। मंदिर की सजावट के लिए थाईलैंड और बंगलूरू से विशेष फूल भी मंगाए गए हैं।
लक्ष्मी नारायण मंदिर में भी जन्माष्टमी को लेकर खास तैयारियां की गई हैं। वहीं, महरौली स्थित छतरपुर मंदिर में भी विशेष सजावट की गई है। बद्री भगत झंडेवाला मंदिर में भी जन्माष्टमी के अवसर पर विशेष धार्मिक कार्यक्रम होंगे।
कई जगह यातायात प्रभावित होने की संभावना
नई दिल्ली। इस्कॉन मंदिर और रामलीला ग्राउंड, जापानी पार्क में जन्माष्टमी समारोह को देखते हुए 4 सितंबर की सुबह 7 बजे से 5 सितंबर की रात 1 बजे तक कई इलाकों में भारी यातायात और डायवर्जन की संभावना है।
दिल्ली पुलिस ने बृहस्पतिवार शाम एक्स के जरिए जानकारी दी कि लोग मधुबन चौक से हेलीपोर्ट तक भगवान महावीर मार्ग और उससे जुड़ी सड़कों पर जाने से बचें।
वैकल्पिक मार्ग के तौर पर यूईआर-2, केएनके मार्ग, प्रहलादपुर रोड और कराला-कंझावला रोड का इस्तेमाल किया जा सकता है।
यातायात पुलिस ने लोगों से मेट्रो और सार्वजनिक परिवहन को प्राथमिकता देने की अपील की है। साथ ही यात्रा के लिए अतिरिक्त समय लेकर चलने और डायवर्जन के संकेतों व ट्रैफिक कर्मियों के निर्देशों का पालन करने को कहा गया है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.