यूपी: राज्य अध्यापक और सीएम शिक्षक पुरस्कार के आवेदन 10 से

HIGHLIGHTS
- यूपी के माध्यमिक विद्यालयों के शिक्षक, प्रधानाचार्य और प्रधानाध्यापक 10 से 30 नवंबर तक आवेदन कर सकेंगे।
- माध्यमिक शिक्षा विभाग ने राज्य अध्यापक पुरस्कार और मुख्यमंत्री अध्यापक पुरस्कार की समयसारिणी जारी की है।
- राजकीय, एडेड और संस्कृत माध्यमिक विद्यालयों के शिक्षकों को राज्य अध्यापक पुरस्कार दिया जाएगा।
उत्तर प्रदेश के माध्यमिक विद्यालयों में कार्यरत प्रधानाचार्य, प्रधानाध्यापक और शिक्षकों के लिए राज्य अध्यापक पुरस्कार और मुख्यमंत्री अध्यापक पुरस्कार के आवेदन की तारीखें घोषित कर दी गई हैं। इच्छुक अभ्यर्थी 10 नवंबर से 30 नवंबर तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। माध्यमिक शिक्षा विभाग ने बुधवार को पूरी चयन प्रक्रिया का कार्यक्रम जारी किया है। इसके तहत पुरस्कारों के लिए चयन की प्रक्रिया 24 जनवरी 2027 तक पूरी कर ली जाएगी।
माध्यमिक शिक्षा निदेशक प्रताप सिंह बघेल की ओर से जारी दिशा-निर्देशों के मुताबिक, राजकीय, अशासकीय सहायता प्राप्त (एडेड) और संस्कृत माध्यमिक विद्यालयों के शिक्षकों, प्रधानाचार्यों तथा प्रधानाध्यापकों को राज्य अध्यापक पुरस्कार के लिए चुना जाएगा। वहीं, वित्तविहीन माध्यमिक विद्यालयों में कार्यरत शिक्षकों, प्रधानाचार्यों और प्रधानाध्यापकों को मुख्यमंत्री अध्यापक पुरस्कार प्रदान किया जाएगा।
इस तारीख तक कर सकेंगे आवेदन, जानें चयन का पूरा कार्यक्रम
पुरस्कार के लिए आवेदन की प्रक्रिया ऑनलाइन रखी गई है। अभ्यर्थियों को विभाग की आधिकारिक वेबसाइट https://upmsp.edu.in पर जाकर अपना आवेदन जमा करना होगा।
चयन प्रक्रिया के तहत जिला स्तरीय समिति 1 दिसंबर से 15 दिसंबर तक प्राप्त आवेदनों की जांच करेगी। इस दौरान अभ्यर्थियों की ओर से दी गई जानकारी का स्थलीय सत्यापन भी किया जाएगा। जांच के बाद पात्र उम्मीदवारों के प्रस्ताव मंडलीय समिति को भेजे जाएंगे।
इसके बाद मंडलीय समिति 16 दिसंबर से 30 दिसंबर तक अपने स्तर पर प्रस्ताव तैयार कर निदेशालय स्तरीय चयन समिति को भेजेगी। निदेशालय स्तरीय समिति की ओर से 31 दिसंबर से 14 जनवरी 2027 तक प्रस्ताव राज्य स्तरीय समिति के पास भेजे जाएंगे।
अंतिम चरण में राज्य स्तरीय समिति 15 जनवरी से 24 जनवरी 2027 के बीच चयन की प्रक्रिया पूरी करेगी।
120 अंकों के आधार पर होगा शिक्षकों का मूल्यांकन
राज्य अध्यापक पुरस्कार और मुख्यमंत्री अध्यापक पुरस्कार के लिए अभ्यर्थियों का चयन वर्ष 2022 में तय किए गए मानकों के अनुसार किया जाएगा। इसके लिए कुल 120 अंकों का मूल्यांकन निर्धारित किया गया है।
मूल्यांकन में शिक्षकों के उत्कृष्ट कार्य, विद्यार्थियों की उपस्थिति, परीक्षा परिणाम, विद्यालय में नामांकन बढ़ाने के प्रयास और उपलब्ध संसाधनों को प्रमुख आधार बनाया जाएगा।
इसके अलावा आवेदन करने वाले शिक्षकों को विद्यालय के विकास और उसे बेहतर बनाने के लिए किए गए अपने प्रयासों का विस्तृत विवरण भी देना होगा। इन्हीं निर्धारित मानकों के आधार पर पुरस्कार के लिए योग्य अभ्यर्थियों का चयन किया जाएगा।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.